देवेश कटियार की रिपोर्ट
कन्नौज। छात्राओं, महिलाओं और युवतियों के साथ होने वाली छेड़छाड़ तथा अश्लीलता जैसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए जिले में एक बार फिर एंटी रोमियो स्क्वायड को सक्रिय कर दिया गया है। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह के निर्देशन में अब प्रत्येक थाने में गठित एंटी रोमियो टीम क्षेत्र में भृमण कर स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, भीड़ -भाड़ वाले इलाके, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजारों जाकर मनचलों और शोहदों पर नजर रखेगी। छेड़छाड़ और छींटाकसी जैसी हरकतें करने वालों पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा महिलाओं व युवतियों को जागरूक किया जाएगा। आत्मरक्षा के गुण भी सिखाए जाएंगे। पुलिस द्वारा चलाई जा रही विभिन्न सेवाओं जैसे डायल 100, पावर वूमेन हेल्पलाइन 1090, 181 आदि के बारे में भी जानकारी दी जाएंगी। शनिवार को जिले के कई थानों की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण पर निकलीं और युवतियों, छात्राओं तथा महिलाओं से बातचीत कर उन्हें जागरूक करने का प्रयास किया।