मोहन प्रसाद यादव की रिपोर्ट
अनूपपुर। प्रदेश के हर एक ग्राम को चिकित्सा, शिक्षा, सिंचाई के साधन आदि विषयों में आत्मनिर्भर बनाने हेतु शासन द्वारा सतत रूप से प्रयास किए जा रहे हैं। आपने कहा हर एक नागरिक को विकास की मुख्यधारा में जोड़ने एवं देश को आत्मनिर्भर बनाने हेतु ग्रामीण अर्थव्यवस्था का सशक्त होना महत्वपूर्ण हैं। मंत्री बिसाहूलाल सिंह विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में आमजनो को सम्बोधित कर रहे थे। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने गुरुवार को चचाई, मौहार टोला, केल्होरी, देवरी, खोली, पटनाकला एवं ग्राम डोंगरा टोला में 4 करोड़ 16 लाख 21 हज़ार लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
श्री सिंह ने कहा सिंचाई के साधनो का विकास शासन की प्राथमिकता है। आपने बताया कि चोलना एवं धनपुरी जलाशय में सिंचाई कार्यों हेतु 13 करोड़ के सिंचाई कार्यों हेतु स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। आपने कहा हर एक ग्राम स्टॉप डैम, लिफ़्ट इरीगेशन सुविधा के माध्यम से सिंचाई के साधन मुहैया कराने हेतु सर्वे कार्य प्रारम्भ हो चुका है। इस हेतु कृषि विभाग को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। श्री सिंह ने बताया कि चचाई थर्मल पॉवर प्लांट में क्षमता विस्तार, 200 बेड ज़िला चिकित्सालय एवं ओवर ब्रिज कार्य हेतु आवश्यक स्वीकृतियाँ प्राप्त हो चुकी हैं। शीघ्र ही ज़िले में उक्त विकास कार्य एवं सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आमजनो की माँग पर खाद्य मंत्री श्री सिंह द्वारा सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर, पुलिस अधीक्षक एम॰एल॰सोलंकी, जिलाअध्यक्ष बृजेश गौतम, पूर्व विधायक कोतमा दिलीप जायसवाल, विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष रामदास पुरी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण (फुक्कू) सोनी ,मानेंद्र सिंह, कमलेश सिंह सुरेश यादव ,अजय यादव लक्ष्मी नारायण द्विवेदी सहित विभागीय अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित थे।
चचाई मौहार टोला में 1 करोड़ 1 लाख 81 हज़ार लागत की आवर्धन नल जल योजना, केल्होरी में 30 लाख लागत के उप स्वास्थ्य केंद्र का खाद्य मंत्री ने किया भूमिपूजन।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री, मध्यप्रदेश शासन बिसाहूलाल सिंह ने चचाई मौहार टोला में 1 करोड़ 1 लाख 81 हज़ार लागत की आवर्धन नल जल योजना का भूमिपूजन किया। योजना के फलस्वरूप 6 माह के अंदर मौहार टोला के हर घर में नल जल की सुविधा प्राप्त होगी। इस दौरान श्री सिंह के द्वारा ग्राम केल्होरी में 30 लाख लागत के उप स्वास्थ्य केंद्र का भूमिपूजन किया गया। जिससे केल्होरी सहित नज़दीकी ग्रामों के निवासियों को स्वास्थ्य सुविधाएँ प्राप्त होंगी। इसके साथ ही पीसीसी सड़कों कुल लागत 8 लाख 50 हज़ार का भूमिपूजन तथा यात्री प्रतीक्षालय चचाई बसस्टैंड लागत 3 लाख का लोकार्पण भी खाद्य मंत्री के द्वारा किया गया।
कार्यपालन यंत्री पीएचई संतोष साल्वे ने बताया कि आवर्धन नल जल योजना मौहार टोला के माध्यम से 545 परिवार लाभान्वित होंगे। योजनांतर्गत 03 नलकूप, उच्च स्तरीय पानी टंकी क्षमता 200 कि.ली., सम्पवेल क्षमता 25 कि.ली. एवं पाईप लाईन विस्तार 7 किमी का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही जल शुद्धिकरण हेतु नल जल योजना अंतर्गत क्लोरिनेशन प्लांट भी स्थापित किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ बी॰डी॰ सोनवानी ने जानकारी दी कि उप स्वास्थ्य केंद्र केल्होरी का निर्माण कार्य 9 माह में पूर्ण कर दिया जाएगा। इस दौरान डॉ सोनवानी ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रदान की जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओ की आमजनो को जानकारी दी।
ग्राम देवरी में आवर्धन नल जल योजना सहित 1 करोड़ 40 लाख से अधिक के विकास कार्यों की खाद्य मंत्री ने दी सौग़ात।
खाद्य मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने ग्राम देवरी में 1 करोड़ 18 लाख 92 हज़ार लागत की आवर्धन नल जल योजना का भूमिपूजन किया। योजना के फलस्वरूप 6 माह के अंदर ग्राम देवरी के समस्त घरों में क्रियाशील नल जल की सुविधा मुहैया होगी। योजनांतर्गत 03 नलकूप, उच्च स्तरीय पानी टंकी क्षमता 175 कि.ली., सम्पवेल क्षमता 25 कि.ली. एवं पाईप लाईन विस्तार 10 किमी का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही श्री सिंह द्वारा पीसीसी सड़कों कुल लागत 18 लाख 62 हज़ार का भूमिपूजन तथा यात्री प्रतीक्षालय लागत 3 लाख का लोकार्पण किया गया।
ग्राम पटनाकला में ग़ौशाला सहित 70 लाख 95 हज़ार लागत के विकास कार्यों का मंत्री श्री सिंह ने किया भूमिपूजन।
ग्राम पटनाकला में खाद्य मंत्री द्वारा 38 लाख लागत की ग़ौशाला, पीसीसी सड़क लागत 3 लाख 7 हज़ार एवं चेक डैम लागत 29 लाख 88 हज़ार की सौग़ात दी गयी।
ग्राम डोंगराटोला में 30 लाख लागत के उपस्वास्थ्य केंद्र के साथ चेक डैम लागत 15 लाख एवं पीसीसी सड़कों लागत 16 लाख 41 हज़ार के कार्यों का भूमिपूजन खाद्य मंत्री श्री सिंह द्वारा किया गया।