सन्नी यादव की रिपोर्ट
जांजगीर-चांपा / मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने आज जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम खोखरा के देव सेवा समिति वृद्धा आश्रम की 76 वर्षीय पूर्णिमा थवाईत से आत्मीय चर्चा की। श्रीमती थवाईत ने मुख्यमंत्री को जांजगीर वृद्धा आश्रम आने आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण का सम्मान करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की और वृद्धा आश्रम की व्यवस्था स्वास्थ्य आदि के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों के वृद्धा आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से आज विडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आत्मीय चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने बड़ी सहजता , सम्मान और आत्मीयता के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में वृद्धजनों से संवाद स्थापित कर उनका कुशलक्षेम पूछा। मुख्यमंत्री ने आश्रम के वृद्धजनों से उनके स्वास्थ्य, खान-पान, साफ-सफाई ,दीनचर्या और समस्या से संबंधित सवाल पूछे। इस पर श्रीमती थवाईत ने कहा कि वे यहां पारिवारिक माहौल में अच्छे से रह रही है। उन्हें सुबह नास्ता, दोपहर भोजन, चाय और रात में भी भोजन मिलता है। हर सप्ताह डाॅक्टरों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाता है। सभी कर्मचारी सेवा भाव से कार्य करते है। श्रीमती थवाईत ने आश्रम की व्यवस्था की सराहना की। मुख्यमंत्री ने सभी वृद्धजनों को सेनिटाइजर का उपयोग करने, मास्क लगाने और सफाई की अच्छी व्यवस्था करने का आग्रह किया।
उप संचालक समाज कल्याण श्री टी पी भावे ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा सहायता प्राप्त वृद्धा आश्रम देव सेवा समिति द्वारा संचालित है। कुल 28 वृद्धजन रहते हैं। इन्हें शासन के मापडण्ड के अनुरूप नियमित स्वास्थ्य परिक्षण और दवाई भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। विडियों कांफ्रेंस के दौरान देव सेवा समिति के सचिव श्री डी पी बर्मन भी मौजूद थे।