सन्नी यादव की रिपोर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अब आने वाले दिनों में नई टीम और नई ऊर्जा के साथ नजर आने वाली है।
शुक्रवार की देर शाम दिल्ली से लौटे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय के आने के बाद प्रदेश भाजपा के साथ भाजपा के विभिन्न मोर्चा, संगठनों में हलचल मची हुई है। क्योंकि भाजपा के विभिन्न संगठन और मोर्चा कार्यकारिणी की सूची पेंडिंग है, इसीलिए इसके इंतजार में भाजपा के साथ अन्य दलों के कई नेता भी इस सूची के इंतजार में हैं।
दिल्ली से विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार तक भारतीय जनता पार्टी की नई कार्यकारिणी की घोषणा होगी। इस नई कार्यकारिणी में जहां युवा पदाधिकारियों को ज्यादा जिम्मेदारी मिलने की बात कही जा रही है, वहीं समन्वय का भी खासा ध्यान रखा गया है।
केंद्रीय नेताओं के भरोसेमंद हैं साथ
दिल्ली से जुड़े भाजपा कार्यालय के विश्वसनीय सूत्र बताते हैं कि विष्णु देव साय केंद्रीय सत्ता, संगठन की विशेष पसंद है। उनके अनुभव और उनके निर्विवाद चेहरे को देखते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ भाजपा में तीसरी बार कमान दी गई है। ऐसे में केंद्र स्तर में सत्ता और संगठन से जुड़े लोग मानते हैं कि विष्णु देव साय को फ्री हैंड करके उन्हें मजबूत किया जाए, ताकि आने वाले दिनों में विधानसभा चुनाव तक विष्णुदेव साय अपनी टीम को लेकर भाजपा को और भी मजबूत कर सकें। विष्णु देव साय को मोर्चा, संगठनों में काम करने के साथ ही केंद्रीय मंत्री के रूप में भी काम करने का अनुभव प्राप्त है। ऐसे में केंद्रीय स्तर के जिम्मेदार मानते हैं कि विष्णुदेव साय को उनके हिसाब से टीम बनाने का जिम्मा दिया जाए। लिहाजा इस नई टीम में विष्णुदेव साय ने सभी समीकरणों को ध्यान में रखा है।
युवा मोर्चा में नया चेहरा
विश्वसनीय सूत्र बताते हैं की आने वाले दिनों में भारतीय जनता युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, आदिवासी मोर्चा और किसान मोर्चा में गम्भीरता से भाजपा नब्ज टटोलने के बाद अब नए चेहरों को तवज्जो देने जा रही है। इसके पीछे उद्देश्य बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में भारतीय जनता पार्टी नए उत्साह और नई ऊर्जा के साथ नई टीम को लेकर जमीनी स्तर पर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा संभालती नजर आने वाली है। युवा मोर्चा में आने वाला नाम भी चौंकाने वाला होगा, ऐसा माना जा रहा है।
अनुभव का ध्यान रखा गया
विश्वसनीय सूत्र बताते हैं की भाजपा की कार्यकारिणी में जहां अनुभव को तवज्जो मिली है, वहीं उससे ज्यादा युवाओं को भी दी जा रही है। भारतीय जनता पार्टी का मानना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के सभी मुद्दों को लेकर नई टीम के साथ भाजपा सड़क पर उतरने जा रही है। जिसमें स्थानीय मुद्दों के साथ प्रदेश के मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी सरकार को घेरती नजर आएगी।