हेमंत कुमार साहू की रिपोर्ट
राजनांदगांव। जिले के धान खरीदी केंद्र घुमका में मंगलवार को एक किसान की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई. अचानक हुई घटना के बाद खरीदी केंद्र में हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार समीपस्थ ग्राम गिधवा निवासी करण (55 वर्ष) आज सुबह टोकन के अनुसार अपना धान बेचने घुमका सोसायटी के खरीदी केंद्र अपनी पत्नी और बेटे के साथ पहुंचा था. धान तौलाई के बाद पर्ची लेने के समय अचानक गिरने के बाद आसपास के लोगों ने 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहाँ चिकित्सकों ने किसान को मृत घोषित कर दिया.
समर्थन मूल्य पर जारी धान खरीदी के बीच किसानों को परेशान किया जा रहा है। बिना पैसा लिए किसानों के धान की तौलाई और खरीदी नहीं हो रही है। मंगलवार को घुमका खरीदी केन्द्र में धान बेचने पहुंचे गिधवा निवासी किसान करण पिता टिभन साहू 55 वर्ष के 23 कट्टा धान को खराब बताकर तौलने से इनकार किया गया तो किसान को हार्ट अटैक आ गया। मौके पर ही किसान ने दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद खरीदी केन्द्र में हड़कंप मच गया। इस मामले में मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि घटना की पूरी जानकारी ले रहा हूं और कलेक्टर से पूरी जांच के बाद कार्रवाई करने कहा है। वहीं, परिजनों ने आरोप लगाया है कि पैसे लेने के चक्कर में धान को खराब बताया गया। वहीं तौलाई करने के लिए वहां मौजूद कर्मचारियों ने 500 रुपए की मांग की। परिजनों ने घुमका थाना में शिकायत कर मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
मृतक के पुत्र दीपक साहू ने बताया कि टोकन के आधार पर सुबह 10 बजे खरीदी केन्द्र पहुंचे। 21 कट्टा मासूरी और 23 कट्टा 1 हजार 10 किस्म का धान लेकर बेचने पहुंचे थे। जांच होने पर दोनों किस्म के धान को ठीक बताया गया। 21 कट्टा मासूरी धान की तौलाई हो गई पर कुछ देर बाद ख्ररीदी केन्द्र से ही एक कर्मचारी आया और 1 हजार 10 किस्म के धान की क्वालिटी को खराब बताकर तौलाई करने से मना करवा दिया। जबकि दूसरे कर्मचारियों ने जांच के दौरान ठीक बताया था।
45 कट्टा धान लिया गया: प्रभारी
इस मामले में धान खरीदी केंद्र घुमका के फड़ प्रभारी ने बताया कि करण साहू द्वारा 45 कट्टा धान लिया गया था। उसमें 23 कट्टा मोटा और 21 कट्टा सरना धान था। तौलाई के दौरान उनकी तबियत बिगड़ी 112 में फोन किया गया। अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित किया गया।