हरीश साहू की रिपोर्ट
रायपुर – सांसद और विधायकों को सरकार की ओर से तमाम सुविधाएं दी जाती है। लेकिन कसडोल विधायक और सांसदीय सचिव शकुंतला साहू तो सरकारी ढांचे का उपयोग अपने निजी काम के लिए करने से भी पीछे नहीं हट रही हैं।
छत्तीसगढ़ में अपनी तरह का पहले मामले में संसदीय सचिव विधायक शकुंतला साहू के जन्मदिन पर पलारी जनपद पंचायत कार्यालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में जनपद पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत सचिव और स्व-सहायता समूह के सदस्यों को आमंत्रित किया गया है। वहीं आयोजन की व्यवस्था के लिए सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
विधायक शकुंतला साहू का जन्मदिन कार्यक्रम सरकारी तौर पर मनाने का निर्णय जनपद पंचायत पलारी ने लिया है। रविवार को शकुंतला साहू के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए जनपद पंचायत सीईओ ने बकायदा लिखित आदेश जारी किया, और इसमें एसडीओ से लेकर चपरासी तक को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई।
आदेश की प्रतिलिपि बलौदाबाजार-भाटापारा के डिप्टी डायरेक्टर पंचायत को भेजी गई है। आदेश में यह कहा गया कि संसदीय सचिव और विधायक शकुंतला साहू का जन्मदिवस कार्यक्रम रविवार को दोपहर जनपद पंचायत पलारी के कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया है।
कार्यक्रम में जनपद पदाधिकारीगण, अधिकारी, कर्मचारी, पंचायत सचिव और स्वसहायता समूहों के सदस्यों को आमंत्रित किए गए। कुल मिलाकर 5 सौ लोगों के आने की संभावना जताई गई, और इसके लिए व्यवस्था बनाने के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को ड्यूटी सौंपी गई।
एसडीओ ग्रामीण यांत्रिकी सेवा आरके राठौर, उप अभियंता अनीष कुमार वर्मा और ओंकार शरद को परिसर में टेंट, दरी और बैठक व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई। ग्रामीण विस्तार अधिकारी डीएल पटेल और मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी चंचल वर्मा को मंच व्यवस्था, अतिथियों का स्वागत और जलपान व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया है। उनके साथ आधा दर्जन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों के लिए सेनेटाइजर व्यवस्था की जिम्मेदारी रजनीकांत बंजारे, मधू वर्मा और अन्य कर्मचारियों को दी गई है। इसके अलावा एक दर्जन कर्मचारियों की ड्यूटी कार्यक्रम में आने वाले लोगों के बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने में लगाया गया है। इस पूरे आयोजन को लेकर काफी हलचल मची हुई है।
जनपद पंचायत कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि कार्यालय परिसर में 07.02.2021 को कसडोल विधायक और सांसदीय सचिव शकुंतला साहू के जन्मदिन का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। जिसमें 500 लोगों के आने की संभावना है। ऐसे में कार्यक्रम की व्यवस्था के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को ये दायित्व दिए जा रहे हैं।
जारी आदेश अनुसार शकुन्तला साहू संसदीय सचिव, छत्तीसगढ़ शासन एवं विधायक विधानसभा क्षेत्र कसडोल के जन्मदिवस दिनांक 07.02.2021 को कार्यक्रम कार्यालय परिसर जनपद पंचायत पलारी में दोपहर 12:00 बजे आयोजित किया गया है कार्यक्रम में जनपद पदाधिकारीगण, अधिकारी / कर्मचारी/ पंचायत सचिव / र्वसहायता समूह के सदस्य भी आमंत्रित किये गये है. इस प्रकार कार्यक्रम में लगभग 500 व्यक्तियों के आने की संभावना है। अतः कार्यक्रम स्थल, कार्यालय परिसर जनपद पंचायत पलारी में आवश्यक व्यवस्था हेतु जनपद पंचायत पलारी के अधिकारी एवं कर्मचारियों को निम्नानुसार दायित्व सौंपा जाता है।
हालाकि कलेक्टर सुनील जैन ने जानकारी दी की यह कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया है।