रिपोटर-रेशम वर्मा कसडोल संवाददाता
कसडोल-बलौदाबाजार-एकीकृत बाल विकास परियोजना बलौदाबाजार के अंतर्गत ग्राम छुईहा मालगुजार में रेडी टू ईट की आपूर्ति करने वाली महिला स्व सहायता समूह का अनुबंध निरस्त कर दिया गया है। रेडी टू ईट की आपूर्ति में गड़बड़ी पाये जाने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने निरस्तीकरण की कार्रवाई की है। गौरतलब है कि छुईहा के नव दुर्गा स्व सहायता समूह को आंगनबाड़ी केन्द्रों पर रेडी टू ईट फूड प्रदाय करने का जिम्मा सौंपा गया था। उसने लापरवाही बरतते हुये जांजगीर चाम्पा जिले के ग्राम मालखरौद की सखी सहेली स्व सहायता समूह से सामग्री मंगाकर यहां आंगनबाड़ी केन्द्रों पर आपूर्ति की। शिकायत मिलने पर इसकी जांच कराई गई। जांच की प्रक्रिया में स्व सहायता समूह को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस दिया गया था। समूह का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसलिए चयन समिति की अनुशंसा पर रेडी टू ईट फूड आपूर्ति का अनुबंध निरस्त कर दिया गया है।