रायपुर। भारतीय थल सेना की भर्ती रैली का आयोजन दुर्ग जिले के रविशंकर स्टेडियम, दुर्ग में तीन मार्च से 12 मार्च तक किया जा रहा है। भर्ती रैली में भाग लेने के लिए रायपुर जिले के आवेदकों के लिए छह मार्च, सात मार्च और 10 मार्च निर्धारित की गई है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए दुर्ग जिले की वेबसाइट दुर्गडाटजीओवीडाटइन (durg.gov.in) को देखा जा सकता है।
थल सेना भर्ती रैली के संबंध में पूछताछ हेतु कंट्रोल रूम जिला रोजगार कार्यालय मालवीय नगर दुर्ग में स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम का नम्बर 0788-2320001 है। इसके अलावा नोडल अधिकारियों एवं अपर कलेक्टर बीबी पंचभाई 94255-62041 या सहायक नोडल अधिकारी एवं उप संचालक रोजगार आरके कुर्रे से 94076-10778 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला रोजगार कार्यालय रायपुर के उप संचालक ने बताया कि आवेदक अपना प्रवेश पत्र स्वयं के ई-मेल पते से डाउनलोड कर सकते हैं। आवेदकों को कोविड-19 की नेगेटिव रिपोर्ट (48 घंटे पूर्व की) के साथ उपस्थित होना है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायपुर में कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने एवं अन्य सुविधाओं के लिए जिला प्रशासन द्वारा दुर्ग शहर के विभिन्न स्थानों पर व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थी संपर्क कर यहां ठहरने की सुविधा ले सकते हैं। आवास व्यवस्था के प्रभारी अधिकारी शरद तिवारी का नम्बर 87709-00050 तथा उनके सहायक कर्मचारी पीजे सेबेस्टियन का नम्बर 79998-70090 है।