प्रशांत झा और परवेज़ अंसारी की रिपोर्ट
नई दिल्ली/पटनाः पूर्व केंद्रीय मंत्री और बिहार के दिग्गज नेता रहे डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह का निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली एम्स में अंतिम सांस ली। वहीं उनके निधन की खबर सुनते ही बिहार में शोक की लहर दौड़ गई है।
रघुवंश प्रसाद सिंह की शुक्रवार देर रात अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें वेटिंलेटर पर रखा गया। डॉक्टर लगातार उनकी सेहत की निगरानी कर रहे थे लेकिन तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। इस बीच रविवार को परिजनों ने उनके निधन की पुष्टि की।
बता दें कि रघुवंश पसाद सिंह पटना एम्स में इलाज के दौरान ही राजद के उपाध्यक्ष सहित पार्टी के तमाम पदों से इस्तीफा दे दिया था। रघुवंश के इस्तीफे को राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने स्वीकार नहीं किया था। वे पार्टी में अपने विरोधी रामा सिंह की एंट्री की कोशिशों से नाराज चल रहे थे। रघुवंश प्रसाद साल 1977 से लगातार सियासत में रहे। वे लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाते रहे। वे लगातार 4 बार वैशाली से सांसद रहे।
मोदी ने जताया शोक
पूर्व केंद्रीय मंत्री और बिहार के दिग्गज नेता रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक व्यक्त किया है।
पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि रघुवंश प्रसाद सिंह अब हमारे बीच नहीं हैं। उनके निधन ने बिहार के साथ-साथ देश के राजनीतिक क्षेत्र में भी एक शून्य छोड़ दिया है। साथ ही राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर लिखा कि रघुवंश प्रसाद सिंह जी बिहार के उन कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे, जिन्होंने समाज के पिछड़े और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। वहीं रक्षा मंत्री ने आगे लिखा कि वे एक प्रबुद्ध एवं संवेदनशील व्यक्ति थे। उनके निधन का मुझे दुख है। उनके परिवार एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।
बता दें कि रघुवंश प्रसाद सिंह का दिल्ली के एम्स में निधन हो गया। उनके निधन की खबर सुनकर बिहार में शोक की लहर दौड़ गई है। राजद सुप्रीमो लालू यादव और उनके दोनों तेजस्बेवी और तेज प्रताप ने भावुक ट्वीट कर दुख व्यक्त किया है।