शेखर की रिपोर्ट
सेवा भारती द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में आप सभी के बीच सम्मिलित होकर मुझे अपार प्रसन्नता हो रही है। मुझे अवगत कराया गया कि सेवा भारती संस्था अपने नाम के अनुरूप सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने के प्रति सचेष्ट है। इनके द्वारा सेवा सुरभि पत्रिका का प्रकाशन किया जाता है जिसमें समाजसेवा, शिक्षा, पर्यावरण, जन-जागृति जैसे कार्यों का वर्णन होता है। आज सेवा सुरभि का एक नया विशेषांक हम सभी के समक्ष हैं जो “स्वतंत्र भारत के 75 साल”” पर केंद्रित है। इसमें आजादी के पहले और आजादी के बाद देश के कालखंड का विशेष उल्लेख है जो देश की वर्तमान पीढ़ी, खासकर युवाओं को देश की वर्तमान स्थिति और भावी संभावनाओं पर मनन करने के साथ-साथ आजादी के पहले के गौरवशाली इतिहास की जानकारी देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर हो रहा है। वर्तमान कालखंड में हम एक सशक्त भारत की तस्वीर बनते देख सकते हैं और विश्वगुरु बनने की दिशा में अग्रसर हैं। हमारा देश प्रगति की दिशा में तीव्र गति से अग्रसर होने के साथ विश्वकल्याण व परोपकार के मार्ग को भी अपनाता है। हमारा देश ऋषि-मुनियों का देश रहा है जिन्होंने विश्व को मानव-कल्याण की प्रेरणा दी। राष्ट्र के हर व्यक्ति के सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्तीकरण हेतु हम सभी को सामाजिक सहभागिता के तहत कार्य करना होगा। देश की आजादी के अमृत वर्ष में हमें समाज के लोगों के अंदर छिपी प्रतिभा, हुनर और निपुणता को प्रखर करना होगा। इस कार्य में सरकारी संस्थाओं के साथ एन.जी.ओ. व स्वयं सहायता समूहों की अहम भूमिका है। समाजहित में सभी को अग्रणी भूमिका का निर्वहन करना चाहिए। हमारे बहुत से छात्र मेधावी होने के बावजूद आर्थिक समस्या के कारण उचित शिक्षा ग्रहण नहीं कर पाते हैं। गरीबी की समस्या के कारण लड़कियों की शादी नहीं हो पाती है। ऐसे लोगों की सेवा करना नितांत आवश्यक है। पूज्य गाँधी जी का मानना था कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। सेवा भारती ने भीषण कोरोनाकाल में राज्य के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को न सिर्फ भोजन सामग्री उपलब्ध करायी, बल्कि रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में कल्पतरू स्वावलंबन योजना से अधिक से अधिक बेरोजगारों को जोड़ने का कार्य भी किया। विभिन्न बस्तियों एवं ग्रामों में रहनेवाले अभावग्रस्त लोगों के बीच संस्कारित शिक्षा का दीप जलाना, स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा स्वरोजगार से जोड़कर उनमें सामाजिक दायित्व की चेतना जाग्रत कर देश का सजग और जागरूक नागरिक के रूप में विकसित करने की दिशा में सेवा भारती द्वारा किया गया कार्य प्रशंसनीय है। ऐसे पुनीत कार्य के लिए मैं संस्था को बधाई देता हूँ। संस्था द्वारा झारखंड के विभिन्न शहरी और ग्रामीण अंचलों में भिन्न-भिन्न प्रकार के सेवा कार्य, शिक्षण व संस्कार केंद्र, युवाओं के लिए कौशल विकास केंद्र के साथ-साथ कृषकों के लिए कृषि जागरूकता कार्यक्रम संचालित करना समाजहित में सार्थक है। एक सशक्त और स्वावलंबी भारत के निर्माण में इस प्रकार के कार्य आगे चलकर मील के पत्थर बनते हैं।