शेखर की रिपोर्ट
बोकारो – चास थाना क्षेत्र के तेलीडीह रोड स्थित बीआईटी कंप्यूटर सेंटर के समीप टाटा मैजिक वाहन ने एक बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दिया। इससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना शनिवार की शाम लगभग सात बजे की है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बांधगोड़ा साइड निवासी अर्जुन रजवार अपनी बाइक संख्या JH09R 3331 से चास की ओर जा रहा था। इसी क्रम में पीछे से तेज रफ्तार से आ रही टाटा मैजिक संख्या JH10AL 7973 ने बाइक सवार को टक्कर मार दिया। इससे बाइक सवार के सिर व चेहरे में गंभीर चोट आई है। बतातें चलें कि तेलीडीह बाइपास मोड़ को फोरलेन से जोड़ने वाली तेलीडीह रोड में एक भी स्पीड ब्रेकर नहीं है। इस कारण तेलीडीह रोड पर दौड़ने वाली दो पहिया व चार पहिया वाहनों की रफ्तार काफी तेज रहती है। लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क घनी आबादी के बीच में है। तथा यह सड़क फोरलेन से चास के बीच बाजार में प्रवेश करने का मुख्य पथ है।घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए केएम मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टाटा मैजिक चालक निवारण महतो डोमाटांड़ निवासी बताया जा रहा है। घटना के पश्चात चास थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर टाटा मैजिक वाहन को कब्जे में ले लिया है।