ईसम सिंह की रिपोर्ट
जींद (हरियाणा) : हरियाणा के कद्दावर नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री मांगेराम गुप्ता का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वह 85 वर्ष के थे। उन्होंने गांधी नगर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। वह पिछले कुछ समय से बीमार थे। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर बाद बनखंड महादेव श्मशान घाट में राजकीय सम्मान के साथ किया गया।अंतिम संस्कार में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, जींद के विधायक डा. कृष्ण मिढ़ा, सफीदों के विधायक सुभाष गंगोली, जुलाना के विधायक अरमजीत ढांडा, भाजपा नेता राजीव जैन समेत बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक व व्यापार मंडल के सदस्यों हिस्सा लिया।
मांगेराम गुप्ता चार बार विधायक रहे और तीन बार हरियाणा सरकार में मंत्री रहे। वह भजनलाल सरकार में स्थानीय निकाय एवं वित्त मंत्री रहे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार में वह परिवहन व शिक्षा मंत्री रहे। गुप्ता ने कुल आठ बार विधानसभा चुनाव लड़ा था और चार बार जीते। पहली बार 1977 में निर्दलीय चुनाव जीत कर विधायक बने थे। इसके बाद वह 1991, 2000 और 2005 में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़े और जीते। वर्ष 2005 के बाद से वह राजनीति में ज्यादा सक्रिय नहीं थे। उप मुख्यमंत्री चौटाला ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि स्व. मांगेराम गुप्ता ने सिद्धांतों की राजनीति की। उनके निधन से राजनीतिक तथा सामाजिक रूप से प्रदेश को नुकसान हुआ है, जिसकी भरपाई मुश्किल है।