मनोज उनियाल की रिपोर्ट
मंडी। बॉलीवुड स्टार सलमान खान की बहन और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम की पौत्रवधू अर्पिता अपने पति आयुष शर्मा और दो बच्चों के साथ मुंबई से मंडी पहुंची हैं। मंडी प्रशासन ने इन्हें होम क्वारंटाइन किया है तथा इनके सैंपल भी ले लिए गए हैं। अर्पिता सलमान खान की बहन है और कुछ माह पहले ही इनके यहां बेटी हुई थी। मुंबई में कोरोना फैलने के बाद दोनों हेलिकाॅप्टर के जरिये मंडी पहुंचे थे।
मंडी आने के लिए इन्होंने प्रशासन से मंजूरी ली थी। साथ में छोटे बच्चे होने के कारण प्रशासन ने तुरंत इनके सैंपल लिए हैं और अब रिपोर्ट का इंतजार है। दोनों अपने पिता अनिल शर्मा के नए घर में रह रहे हैं। गत दिनों आयुष ने अपने बच्चे के साथ पिता अनिल शर्मा का वीडियो भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। बता दें कि कुछ वर्ष पूर्व आयुष शर्मा ने अर्पिता से शादी की थी।
हाल ही में बेटी होने के बाद यह मुंबई में ही रह रहे थे, लेकिन कोरोना फैलने के बाद अब छोटे बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए दोनों निजी हेलिकाॅप्टर के जरिये मंडी पहुंचे हैं और कांगणीधार में उतरे थे। यहां से सीधा होम क्वारंटाइन कर दिए गए थे। उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने बताया दोनों प्रशासन से मंजूरी लेने के बाद यहां पहुंचे हैं। चारों के कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट का इंतजार है।
अर्पिता और आयुष की शादी के दौरान बाॅलीवुड स्टार सलमान खान भी हिमाचल प्रदेश के मंडी पहुंचे थे। इस दौरान हजारों समर्थकाें ने उनका स्वागत किया था। सलमान की एक झलक पाने के लिए लोगों की भीड़ बेकाबू हो गई थी।