परिंदों से भी ऊँची हमारी उड़ान होगी,
एक बार नहीं, कई बार होगी।
जब इरादा बना लिया ऊँची उड़ान का,
फिर देखना क्या कद आसमान का।
सोनम यादव की रिपोर्ट
आगरा। यही भाव दिखाई दिया प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल दयालबाग में कक्षा 12 के छात्रों की विदाई के दौरान। विद्यालय के बारहवीं कक्षा सत्र 2019-20 के छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, श्याम बसंल, प्राचार्या श्रीमती याचना चावला, शैक्षणिक समन्वयक (ऐकेडमिक कोऑर्डिनेटर) रूपा प्रकाश ने विद्यार्थियों को जीवन लक्ष्य पाने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या, निदेशकगण तथा अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित करके माँ सरस्वती से अज्ञान से ज्ञान की ओर ले जाने की प्रार्थना की गई।
कठिन परिश्रम से लक्ष्य मिलेगा
प्राचार्या श्रीमती याचना चावला ने कहा – जीवन में मानवीय मूल्य और अच्छे संस्कार अत्यंत महत्वपूर्ण है और ये सब छात्र विद्यालय से ही सीखते हैं। छात्र को जागरूक रहकर अपने तथा देश के विकास के लिए दृढ़ सकल्प रहना चाहिए। उन्होंने छात्रों को खुश रहो और खुशियाँ बॉटते रहो के मूल मंत्र के साथ उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। कक्षा बारहवीं के छात्र जीवन पथ पर अग्रसर होते हुए सफलता प्राप्त करते रहें, इन्हीं शुभकामनाओं के साथ सक्सेस प्लस नामक पुस्तक उपहार स्वरूप छात्रों को दी गई। वरिष्ठ वर्ग की शैक्षणिक प्रमुख श्रीमती रूपा प्रकाश ने छात्रों को विद्यालय में सीखे गए मानवीय मूल्यों को अपनाकर जीवन लक्ष्य हासिल करने के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने जीवन की चुनौतियाँ का आत्मविश्वास के साथ सामना करने के लिए छात्रों को प्रेरित किया।
श्रीमती शालिनी देव ने विद्यार्थियों को नई उड़ान भरने की सफलता हेतु आगे बढ़ने के लिए मूलमंत्र दिये। विद्यार्थी जीवन की स्मृतियाँ अविस्मरणीय होती हैं। कठिन परिश्रम से ही लक्ष्य हासिल होता है। कठिन परिश्रम का कोई भी विकल्प नहीं होता है। अतः कठिन परिश्रम करने से कभी घबराना नहीं चाहिए। उन्होंने छात्रों को कठिन परिश्रम करने तथा विद्यालय का नाम रोशन करने, जीवन पथ पर बढते रहने के लिए शुभकामनाएँ दीं। विद्यालय की छात्रा प्रमुख मैत्री पचौरी तथा छात्र प्रमुख हर्षवर्धन सिंह ने विद्यालय से जुड़ी स्मृतियों का वर्णन करते हुए सभी को भावविभोर कर दिया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विद्यालय में अर्जित किये गए ज्ञान को सर्वत्र फैलाने में वे सदा अपने कर्तव्य का पालन करेंगे।
प्रतिभा खोज में कक्षा बारह के सभी विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन बखूबी कर समारोह को सफल बनाया। मिस्टर और मिस प्रिल्यूड सत्र 2019-20 के चयन के लिए प्राचार्या तथा निर्णायकों के द्वारा सामाजिक उत्थान हेतु आवश्यक कौशल से संबंधित प्रश्न, मानवीय मूल्य, सकारात्मक दृष्टिकोण तथा आत्मविश्वास पर आधारित प्रश्न पूछे गए। सभी छात्रों ने प्रश्नोत्तर चक्र में आत्मविश्वास के साथ विचारों की सशक्त अभिव्यक्ति की। सतर्कतापूर्वक तथा बुद्धिमत्तापूर्वक उत्तर देकर मिस प्रिल्यूड का खिताब सांची आनंदानी तथा मास्टर प्रिल्यूड का खिताब वंदित खण्डेलवाल ने हासिल किया। आकर्षक परिधान के लिए छात्र हर्षवर्धन सिंह ला एलीगेंट तथा छात्रा अनुष्का कुमारिया ली एलगेंट का खिताब दिया गया।
कक्षा नर्सरी से कक्षा बारहवीं तक अनवरत रूप से विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थी-आर्यन चंद्रा, रितिका यादव तथा दिव्यांश सिंघल को भी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कारों की श्रृखंला में कॉमर्स ओलम्पियाड में सोनी सिंह (कक्षा ग्यारह), सार्थक गुप्ता (कक्षा बारह) को स्वर्ण पदक तथा नंदिनी पोपटानी (कक्षा ग्यारह), श्रुति अग्रवाल (कक्षा बारह) को रजत पदक देकर पुरस्कृत किया गया। वंशिका सिंह (कक्षा बारह) को एस. ओ. एस. ओलम्पियाड में स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। छात्र प्रमुख हर्षवर्धन सिंह को उसके द्वारा किए गए सराहनीय नृत्य के लिए विशेष पुरस्कार दिया गया।
आशीर्वाद समारोह में मिस प्रिल्यूड तथा मास्टर प्रिल्यूड का चयन करने के लिए निर्णायक रहे-
श्रीमती स्तुति जैन – निदेशक- श्री रिद्धि सिद्धि बिल्डवेल लिमिटेड
श्रीमती श्रुति मित्तल – प्रसिद्ध व्यवसायी – स्काईलैंटर एण्ड एरोमा डिफ्यूजर्स लैंड ऑयल।
श्रीमती स्वाति जैन – सम्पादकीय निदेशक – ओसवाल बुक एण्ड लर्निंग प्रा. लिमिटेड।
इस अवसर पर आर. जे. जतिन प्रोग्रामिंग डायरेक्टर रेडियो सिटी अपनी टीम के सदस्यों में संदीप सिसोदिया, तरुण सिंघल तथा सुश्री तितिष्ठा पाण्डेय के साथ उपस्थित रहे।
छात्रों ने किया संचालन
छात्रा नंदिनी पोपटानी, मिताली अवतानी, प्रियांशी चिमनानी तथा छात्र वरूण रेड्डी ने आशीर्वाद समारोह का संचालन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कक्षा ग्यारह के छात्रों द्वारा नृत्य तथा संगीत की मनोरम प्रस्तुति दी गईं। छात्रों द्वारा विद्यालय जीवन से जुड़ी खट्टी-मीठी यादों की झलकियों को नाटक तथा नृत्य के माध्यम से बखूवी दर्शाया। विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, श्याम बंसल ने लक्ष्य हासिल करने के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। बारहवीं कक्षा के छात्रों द्वारा विद्यालय को स्मृति स्वरूप सोविनेयर भेंट किया गया तथा छात्र मनन अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया। इस समारोह में ज्योत्सना गौड़, विभा पालीवाल, मोना काबरा, आर. पी. सिंह, शालिनी देव, सबीने बैजल, अर्पणा सक्सैना, चांदनी अरोरा, तनुजा दीक्षित, अभि सिरोही, नीमा साहनी, पूजा गुप्ता, सुनीता शर्मा, गीता चतुर्वेदी, अभिषेक मिश्रा, नरेन्द्र कुशवाह, गौरव अरोरा, बबिता रानी तथा रंजना गुप्ता का विशेष सहयोग रहा।