परवीन शुक्ला की रिपोर्ट
जौनपुर। जौनपुर शहर ने छह सौ सालों में कई बदलाव देखे हैं। कई महामारियों का दंश झेला। मगर हर मुश्किल को मात देकर हर बार नई ऊर्जा से खड़ा हुआ। इस कोरोना संकट के दौर में भी यह शहर पूरे ऊर्जा और उत्साह के साथ सुखद और सुरक्षित भविष्य बनाने के लिए जुटा हुआ है। 24 अप्रैल को यहां लॉकडाउन को 30 दिन पूरे हो चुके हैं।
सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के कोधुवां प्राथमिक विद्यालय स्थित क्वारंटाइन सेंटर के शौचालय में शनिवार को महिला का शव मिला। महिला 10 दिन पहले हरियाणा से अपने पति के साथ वापस लौटी थी। वापस लौटने के बाद महिला व आसपास के लोगों को क्वारंटाइन किया गया था।क्वारंटाइन सेंटर में महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
वंदना (23) का पड़ोस के छोटे लाल निषाद से प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब पांच महीने पहले घर से भाग कर दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। फिर फरीदाबाद (हरियाणा) चले गए थे। कोरोना वायरस फैला तो वहां गुजारा मुश्किल हो गया। लॉकडाउन में ही दंपती फरीदाबाद से किसी तरह बीते 16 अप्रैल को अपने गांव आ गए। उसी दिन गांव के दो पुरुष व एक अन्य महिला भी दिल्ली से आए थे। पुलिस ने सभी को गांव के प्राथमिक विद्यालय में क्वारंटाइन में रखा था। शनिवार की शाम क्वारंटाइन में रखी गई एक महिला शौचालय में गई तो विमला को मृत पड़ा देख शोर मचाने लगी। इसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। थाना प्रभारी विनीत मोहन पाठक भी टीम के साथ पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक मृतका के गले पर कसे जाने का निशान है। विमला व छोटे लाल के बीच क्वारंटाइन के दौरान भी आए दिन झड़प होती थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।