प्रयागराज। महीने भर से चल रही पंचायत चुनाव की कवायद में मतदान का दिन आ गया है। पहले चरण में प्रयागराज की वोटिंग आज गुरुवार की सुबह सात बजे से शुरू हो चुकी है। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान को लेकर उत्साह है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर भीड़ जुटने लगी है। लोग लाइन में लगकर मतदान कर रहे हैं। सूर्य की तल्खी अब मतदाताओं को परेशान भी कर रही है। सुबह 9 बजे तक 9.11 फीसद मतदान हो चुका था।
नारीबारी, झंझरा चौबे के बीडीसी में तीन वार्ड का चुनाव में दो प्रत्याशी की जगह चार प्रत्याशी का गलत मतपत्र आ जाने से हंगामा शुरू हो गया। 17 मत पड़ने के बाद बीडीसी का मतदान रुका। सेक्टर मजिस्ट्रेट के संज्ञान के बाद दूसरा मतपत्र मंगाया गया। प्रत्याशियों ने मतदान दोबारा कराने की मांग की।
होलागढ़ के न्यायीपुर में मतदान में देरी के आरोप में प्रधान पद के समर्थक आपस में भिड़ गए। उनमें मारपीट भी होने लगी। आनन-फानन में पुलिस पहुंची और लोगों को खदेड़ दिया। इसके बाद शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कराया जा रहा है।
विकास खंड सहसों के ग्राम पंचायत माधोपुर में एक प्रत्याशी का चुनाव चिह्न गायब होने मतदान करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा। दूसरे नंबर का मतदान पत्र आने पर मतदान पुनः शुरू हो सका। ग्राम पंचायत माधोपुर में आठ लोग प्रधान पद पर चुनाव मैदान में हैं। इनमें सुधा त्रिपाठी का चुनाव चिह्न बैलट पेपर पर कोट नहीं था। प्रत्याशी की नजर पड़ती तो मामला संज्ञान में आया। करीब एक घंटे बाद दूसरा पत पत्र पहुंचने पर दुबारा मतदान शुरू हो सका।
विकास खंड कौंधियारा के प्राथमिक विद्यालय मवैया में व्हील चेयर की व्यवस्था नहीं थी। मतदान करने पहुंचे दिव्यांग अलगू बिंद मतदान केंद्र पर वोट देने के लिए पहुंचे थे। व्हील चेयर न होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
कुछ मतदान केंद्रों पर कोविड-19 गाइडलाइन को लेकर लापरवाही बरती जा रही है। विकास खंड कौंधियारा स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में सुबह लाइन में लगे लोग सटकर खड़े थे। दो गज दूरी बनाने में अनियमितता भी दिखी। कुछ ने मास्क लगाया था तो कुछ वैसे ही थे।
आज 34 लाख वोटर 26,621 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान की प्रक्रिया सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगी। कोरोना महामारी और गर्मी को देखते हुए पहली बार मतदान के लिए 11 घंटे का समय दिया गया है। मतों की गणना दो मई को 23 विकास खंड कार्यालयों में निर्धारित किए गए मतगणना स्थलों पर होगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत जिला पंचायत सदस्य के 84, क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) के 2,086, प्रधान के 1,540 और ग्राम पंचायत सदस्य 19,820 पदों के लिए 15 अप्रैल को मतदान होगा। इन पदों पर चुनाव के लिए 23 विकास खंड क्षेत्रों में 1739 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 5,269 पोलिंग बूथ हैं। चुनाव कराने के लिए इन पोलिंग बूथों पर मंगलवार को 21,076 पीठासीन अधिकारियों और मतदान कर्मियों को भेज दिया गया है। इनके अलावा 20 फीसद मतदान कर्मी रिजर्व में रखे गए हैं। यह सभी कर्मचारी रात तक मतदान केंद्र पर पहुंच गए। सभी केंद्रों पर पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।