देवेश कटियार की रिपोर्ट
कन्नौज- कन्नौज जिले में हैरान करने वाला एक मामला सामने आया है। इंदरगढ़ क्षेत्र में खेत से तरबूज तोड़ने पर गांव के दबंग लोगों ने दो किशोरों को तालिबानी सजा सुना दी। इनके सिर पर तरबूज रखवाया। कपड़ों पर सामने की ओर चोर लिखा। चेहरे पर काला रंग लगाने के बाद गांव में घुमाया।
थाना इंदरगढ़ के खनियापुर गांव के दो किशोरों ने खेत से तरबूज तोड़ लिया। तरबूज तोड़ते समय खेत मालिक ने देख लिया। इस पर दोनों किशोर तरबूज छोड़कर खेत से भागने लगे। खेत मालिक ने दौड़ाकर पकड़ लिया। आरोप है कि इस दौरान किशोरों को डंडे से मारा जाता रहा।
पता चलने पर पीड़ित पिता ने खेत मालिक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। दूसरी ओर सीओ दीपक दुबे का कहना है कि थानाध्यक्ष विमलेश कुमार इस मामले की छानबीन कर रहे हैं। जल्द खेत मालिक और जो भी इसमें शामिल रहे, उन पर कार्रवाई की जाएगी। किसी के साथ इस तरह का बर्ताव ठीक नहीं है