मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर वार करते हुए कहा कि कोरोना की पहली और दूसरी लहर के दौरान जो लोग घरों में आइसोलेट थे वे विधानसभा चुनाव की सुनगुन मिलते ही बदले सुरों के साथ जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे है।डालीबाग स्थित गन्ना संस्थान के सभागार में आयोजित भाजपा के सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन में स्वर्णकार समाज को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी सीधा हमला बोला। योगी ने कहा कि जो दोपहर 12 बजे सो कर उठने वाला हो उसे प्रदेश की क्या जानकारी होगी,आप लोग उनसे क्या उम्मीद करेंगे ।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के समय पर्व और त्योहार के आते ही प्रदेश में दंगे शुरू हो जाते थे और व्यापारियों को कमाने नहीं दिया जाता था। उन्होंने कहा कि सत्ता के संरक्षण में पेशेवर अपराधी व्यापारियों को उत्पीड़न करते थे। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की मांग करने पर व्यापारियों के खिलाफ ही मुकदमे दर्ज किए जाते थे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में सरकार चलाने वाले लोग अपने और अपने परिवार के लिए जीते थे। समाज, प्रदेश, किसानों और योजनाओं से उनका कोई लेना-देना नहीं होता था। वहीं प्रदेश की भाजपा सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल में केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाकर गरीब, वंचित, शोषित, आदिवासी सहित प्रत्येक वर्ग को समाज की मुख्य धारा से जोड़ा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही विपक्षी दलों के नेता नए-नए नारों के साथ प्रदेश में अराजकता और गुंडागर्दी माहौल खड़ा कर सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न करने का प्रयास करेंगे। लेकिन भाजपा सरकार के होते हुए वह अपने मंसूबों में सफल नहीं होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश वही है, तंत्र वही है कि बस सरकारें बदली है। भाजपा सरकार ने कर दिखाया है कि सरकार बदलने के बाद कैसे व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हालही में नवरात्रि, विजयदशमी के भव्य आयोजन बिना किसी बंदिश के संपन्न हुए हैं यदि प्रदेश में सपा या बसपा की सरकार होती तो कितनी अराजकता होती इसका अनुमान लगाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के दौरान केवल केंद्र व प्रदेश सरकार और भाजपा के कार्यकर्ता काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महामारी के समय कांग्रेस, सपा और बसपा कहां थे, उनके नेता जनता को अपने हाल पर छोड़कर आइसोलेशन में चले गए थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस को वर्षों तक शासन करने का मौका मिला वहीं सपा और बसपा ने भी तीन-चार बार शासन किया है और वर्तमान में भाजपा सरकार का संचालन कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के जागरूक प्रहरी होने के नाते प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह अवलोकन और समीक्षा कर समाज को बताए कि क्या सही है और क्या गलत है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक तबके को बताएं कि प्रदेश में भाजपा की सरकार क्यों आवश्यक है, भाजपा ने क्या ऐसा किया है कि वह देश व प्रदेश की आवश्यकता बन गई है।