देवेश कटियार की रिपोर्ट
कन्नौज- सुरक्षा एवं साफ सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। अस्पताल में भर्ती कैदियों की नियमित चिकित्सीय सुविधा दी जाए। भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। कैदियों द्वारा बताई जाने वाली परेशानियों को सुनकर तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उक्त निर्देश आज अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जनपद न्यायाधीश कन्नौज श्री विरजेन्द्र कुमार सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री धर्मवीर सिंह, एवं जिलाधिकारी श्री राकेश कुमार मिश्र ने पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत वर्मा के साथ जिला कारागार अनौगी का औचक निरीक्षण के दौरान उपस्थित जेल अधीक्षक व अन्य पुलिस अधिकारियो को दिए। उन्होंने जेल में कैदियों के संबंध में जानकारी की जिसमें बताया गया कि कुल 922 कैदी कैद हैं ,जिसमें से 15 मरीजों को चिकित्सालय बैरक में रखते हुए चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस संबंध में उन्होंने निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि नियमित चिकित्सीय जांच सुनिश्चित करते हुए, कैदियों से उनकी तकलीफ व बीमारी पूछी जाएं। उन्होंने वहां उपस्थित मानसिक रूप से बीमार कैदी जो चिकित्सक बैरक में भर्ती थे उनके स्वास्थ्य के संबंध में विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने शारिरिक रूप से कमजोर कैदियों को चिकित्सक की सलाह अनुसार यदि अतिआवश्यक हो तो चिकित्सा सुविधा हेतु आवश्यक कार्यवाही किये जाने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने पाकशाला का भी निरीक्षण किया, जिसमें आज प्रातः का नाश्ता व भोजन दिया जा चुका था एवं सांय के भोजन की व्यवस्था की जा रही थी। रसोई घर में साफ सफाई व्यवस्था अच्छी पायी गयी एवं भोजन की गुणवत्ता भी कैदियों से पूछे जाने पर सही बताई गई। उन्होंने अन्य बैरेक में रखे गए कैदियों से भी दिए जाने वाले भोजन एवं अन्य समस्याओं के संबंध में जानकारी की जिसमें सभी कैदियों द्वारा कोई समस्या नहीं बताई गई। उन्होंने जेल अधीक्षक को उपस्थित कैदियों का शत प्रतिशत टीकाकरण कराये जाने हेतु भी आवश्यक निर्देश दिए।