अभिषेक गुप्ता की रिपोर्ट
कायमगंज सुरक्षित सीट से लडऩे की चर्चाएं
पति डॉ. अजीत गंगवार भी भाजपा में हुए शामिल
समाजवादी पार्टी की नेत्री सुरभि गंगवार ने लखनऊ में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के समक्ष भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। उनके पति सिटी अस्पताल के मालिक डॉ.अजीत गंगवार ने भी कमल निशान थाम लिया है। माना जा रहा है भाजपा को कायमगंज विधानसभा से अब मजबूत कंडीडेट मिल गया है।चुनाव की तिथियाँ घोषित होने के बाद प्रदेश भर में राजनीतिक उथल-पुथल जारी है। आस्थाएं बदल रही हैं और सपाई भाजपाई बन रहे हैं और भाजपाई सपाई। फर्रुखाबाद ऐसे में कैसे अछूृता रहता। समाजवादी पार्टी के नेत्री सुरभि गंगवार ने सोमवार को राजधानी लखनऊ में केशव प्रसाद मौर्य के सामने भाजपा की सदस्यता ले ली। 2017 के विधानसभा चुनाव में सुरभि गंगवार समाजवादी पार्टी की टिकट से चुनाव लड़ी थीं और भाजपा लहर में वे वर्तमान विधायक अमर सिंह खटिक से 36 हजार 525 मतों से हार गयी थीं। इस बार अमर सिंह खटिक की टिकट कटने की चर्चाएं चल रही थीं और भाजपा किसी मजबूत चेहरे की तलाश में थी। सुरभि गंगवार को पार्टी में शामिल कर भाजपा ने कुर्मि वोटों पर दावेदारी पक्की की है। अब कायमगंज विधानसभा का चुनाव रोचक होने की सम्भावना है। अब तक केवल बहुजन समाज पार्टी ने ही यहाँ प्रत्याशी घोषित किया है।