अभिषेक गुप्ता की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद रविवार को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव विश्वास गुप्ता का सपा-प्रसपा गठबंधन से विश्वास डगमगा गया और उन्होंने राजधानी लखनऊ में लक्ष्मीकान्त बाजपेयी की सरपरस्ती में कमल थाम लिया। वे अकेले नहीं गये, उनके साथ कायमगंज के नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष नरेश गुप्ता के पुत्र राजीव गुप्ता ने भी भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।
भारतीय जनता पार्टी की ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मीकान्त बाजपेयी ने फर्रुखाबाद के दिग्गज नेता विश्वास गुप्ता और राजीव गुप्ता को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। विश्वास गुप्ता लम्बे समय तक समाजवादी पार्टी के साथ रहे। वे सपा के वर्ष 2016 में जिलाध्यक्ष भी रहे। कई वर्षों तक सपा के महानगर अध्यक्ष भी रहे। शिवपाल सिंह यादव के द्वारा अलग दल गठित करने पर वे सपा छोड़ प्रगतिशील समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। उन्होंने फर्रुखाबाद शहर से टिकट दिए जाने की मांग की थी, लेकिन उनकी मांग दरकिनार कर दी गयी। उसके बाद उन्होंने बाहरी प्रत्याशी को भी न लड़ाकर पुराने सपा कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाने की मांग उठाई। लेकिन उनकी उपेक्षा बढ़ती गयी। विश्वास के साथ कई अन्य लोग भी भाजपा में शामिल हुए।