अभिषेक गुप्ता की रिपोर्ट
कमालगंज चुनाव ड्यूटी में रिजर्व में रखे गए कर्मचारियों के प्रति प्रशासनिक संवेदनहीनता का मामला सामने आया है। कमालगंज विकास खण्ड में कर्मचारियों के लिए खाने का कोई प्रबंध नहीं किया गया, जिससे उनमें आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार चुनाव ड्यूटी रिजर्व में लगाए गए कर्मचारियों ने चाय नाश्ता पानी खाना ना मिलने पर ब्लाक खंड कमालगंज में हंगामा काटा। कर्मचारियों का आरोप है कि ड्यूटी का पैसा भी नहीं दिया गया। यह भी आरोप लगाया गया कि उच्च अधिकारियों को इस मामले में जानकारी दिए जाने पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि हम लोग शनिवार से आए हुए हैं। हम लोगों की संख्या लगभग 70 से 80 है और हम लोगों को मात्र 7 गद्दे रजाई उपलब्ध करवाई गयी। शनिवार से खाने पीने का कोई इंतजाम नहीं किया गया। बाजार बंद होने से हम लोग खाने के लिए इधर-उधर भोजन तलाश करते रहे। इस मामले में कई बार एसडीएम सदर से भी शिकायत की। तहसीलदार निस्तारण करेंगे यह कहकर एसडीएम ने अपना पल्ला झाड़ लिया। विरोध करने वालों में राजेंद्र, आशीष कटियार, सुरेंद्र, दिनेश चंद्र, राजा अभिजीत शर्मा, विजय कनौजिया, राजीव यादव सहित आधा सैकड़ा कर्मचारी शामिल थे।