एक रहस्यमय गांव जहां आजतक नहीं हुई बारिश

ये दुनिया और धरती कई रहस्यों से भरी हुई है,जिनके बारे में पता लगा पाना कई बार वैज्ञानिकों के लिए भी काफी मुश्किल हो जाता है। आप जहां रहते हैं, वहां आपने न जाने कितनी बार बादलों को बरसते हुए देखा होगा। बहुत बार तो बाढ़ जैसी विकट परिस्थिति से भी आपका सामना हुआ ही होगा। पर क्या आपने कभी ऐसी जगह देखी है, जहां कभी बादल न बरसे हों?बेशक यह सुनने में आपको काफी अटपटा जरूर लग रहा होगा, लेकिन दुनिया में एक ऐसा गांव है, जहां आज तक बादलों की कृपा नहीं बरसी। पर लोग और जीव-जंतु फिर भी अपना जीवन आराम से जी रहे हैं। हम जिस गांव की बात कर रहे हैं, उस गांव का नाम ‘अल-हुतैब’ है। यह गांव मध्यपूर्व एशिया के एक देश यमन में बसा हुआ है। अल-हुतैब गांव यमन की राजधानी सना के पश्चिमी हिस्से में स्थित है। अल-हुतैब दुनिया का एक अकेला ऐसा गांव हैं, जहां आजतक कभी बारिश नहीं हुई। अब सवाल यह है कि इस गांव में आखिर बादल क्यों नहीं बरसते? और अगर बारिश नहीं होती है तो लोग जिंदा भी कैसे रह रहे हैं?
सर्दियों में पड़ती कड़ाके की ठंड
दरअसल अल-हुतैब गांव सुमंद तल से 3200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है, वैसे तो यह एक पहाड़ी गांव है पर फिर भी गर्मियों में बहुत ज्यादा गर्मी पड़ती है, जबकि सर्दियों में इतनी ज्यादा ठंड होती है कि जो बिना गर्म कपड़े पहने निकल जाए, उसकी हालत ही खराब हो जाए। यहां सर्दियों में लोग रजाई से बाहर निकलने में भी डरते हैं और इस गांव को इतनी खूबसूरती के साथ रचाया-बसाया गया है कि यहां पर्यटक आए दिन आते ही रहते हैं और आसपास के वातावरण का पूरा लुत्फ उठाते हैं। तो अब आपके मन में यह सवाल उठ रहा होगा कि आखिर यहां बारिश क्यों नहीं होती है?
यहां क्यों नहीं होती है बारिश?
यहां बारिश न होने के पीछे की ये वजह इस गांव का ज्यादा ऊंचाई पर होना है। यह गांव 3200 मीटर की ऊंचाई पर स्थिति है और बादल 2000 मीटर की ऊंचाई पर बनते हैं। यानी बादल इस गांव से काफी नीचे बनते हैं। यही वजह है कि बारिश की खूबसूरती को यहां के लोग नहीं देख पाते हैं और यह जरूर मानते हैं कि वह स्वर्ग में ही रह रहे हैं।