नित्यानंद की शिष्या ने UN में भारत को सुनाई खरी खोटी

भारत की साध्वियों जैसा वेशभूषा और सिर पर केश की भारी जटाएं, ललाट पर टीका, गले में रुद्राक्ष की बड़ी सी माला और बदन पर गेरुआ वस्त्र। संयुक्त राष्ट्र के जिनेवा दफ्तर में जब अंग्रेजी में भाषण देती इस महिला का वीडियो आया तो एकबारगी समझ में नहीं आया कि ये महिला किस देश की प्रतिनिधि हैं।बाद में जब नित्यानंद के ट्वीटर अकाउंट से ये फोटो डाला गया तो लोगों को इसका पूरा माजरा समझ में आया।भारत में रेप के आरोपों का सामना कर रहे भगोड़े नित्यानंद ने एक नया प्रोपगैंडा अंतराष्ट्रीय मंच के सामने फैलाया है। नित्यानंद ने पहले तो ‘यूनाइटेड स्टेट ऑफ कैलासा’ नाम से एक नया देश बनाने का दावा किया है जहां कथित रूप से हिन्दू मान्यताओं के अनुसार जीवन जीया जाता है। वहीं अब नित्यानंद ने अपने देश के एक प्रतिनिधिमंडल को एक महिला की अगुवाई में संयुक्त राष्ट्र की बैठक में भेजने का दावा पेश किया है।
नित्यानंद अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट से इसका भरपूर प्रचार करने में जुटे है। कैलासा की ओर से एक महिला साध्वी जिनेवा में हुए संयुक्त राष्ट्र के कार्यक्रम में हिस्सा लेती हुई भी दिख रही है।
‘UN में कैलासा की स्थायी राजदूत’
इस महिला ने अपना नाम मां विजयप्रिया नित्यानंद बताया और कैलासा के वैरिफाइड फेसबुक अकाउंट के अनुसार मां विजयप्रिया नित्यानंद संयुक्त राष्ट्र में कैलासा देश की स्थायी राजदूत भी हैं। मां विजयप्रिया नित्यानंद अपना निवास स्थान अमेरिका का वाशिंगटन डीसी शहर का बताती हैं। विजयप्रिया को नित्यानंद के देश कैलासा में डिप्लोमैट का दर्जा भी हासिल है।