लखनऊ पहुंचीं प्रियंका तो ताजा हो गई बचपन की याद, वीडियो जारी कर कही दिल छूने वाली बात

प्रधान संपादक की रिपोर्ट
लखनऊ-बॉलीबुड-हॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा सोमवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचीं। यहां जाते समय रास्ते से ही उन्होंने अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया।
बता दें कि प्रियंका चोपड़ा यूनिसेफ के एक कार्यक्रम के तहत यहां पहुंची हैं। प्रियंका यूनिसेफ की एंबेसडर भी हैं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की लड़कियों की सुरक्षा के लिए हो रहे कार्यों का निरीक्षण किया।
मुंबई और दिल्ली का भी किया था दौरा
जानकारी के मुताबिक हाल ही में उन्होंने मुंबई और दिल्ली का भी दौरा किया था। बताया गया है कि वह यूनिसेफ की ओर से उत्तर प्रदेश में लड़कियों की सुरक्षा समेत अन्य क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों को जांचने के लिए फील्ड ट्रिप पर निकलीं हैं। इस दौरान उनके साथ यूनिसेफ से जुड़े लोग भी मौजूद हैं। एक स्कूल में जाकर उन्होंने बच्चियों के साथ मुलाकात भी की। समाचार एजेंसी एएनआई की ओर से उनकी तस्वीरें और जानकारी साझा की गई है।
अपनी कार में बैठकर बनाया वीडियो
दौरे पर जाते समय प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो भी जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि अभी मैं यूनिसेफ के साथ लखनऊ (भारत) में हूं। मैं वास्तव में इस क्षेत्र के दौरे की प्रतीक्षा कर रही थी। क्योंकि मैंने अपने बचपन के कुछ वर्ष लखनऊ के स्कूल में बिताए हैं। यहां मेरा परिवार और दोस्त हैं। मैं उत्सुक हूं। उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के लिए हो रहे कार्यों को देखने के लिए आई हूं।
इस दिशा में काम कर रहा है यूनिसेफ
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लड़कियों के खिलाफ हिंसा और भेदभाव को समाप्त करने के समाधान खोजने के बारे में चर्चा की जाएगी। प्रियंका ने वीडियो में कहा कि हम लड़कियों के खिलाफ हिंसा और भेदभाव को खत्म करने के उद्देश्य से किए जा रहे काम को देखने के लिए यूनिसेफ के विभिन्न भागीदारों के पास जा रहे हैं।