बादलों की लगी रहेगी आवाजाही, 2 दिन और इंतजार फिर होगी झमाझम बरसात

बरसात के लिए राजधानी लखनऊ को अभी दो-तीन दिनों का इंतजार और करना पड़ेगा। पर गर्मी से इसी तरह राहत बनी रहेगी। हां, उमस बरकरा रहेगी। मौसम विभाग ने अगले छह दिनों का जो पूर्वानुमान लगाया है उसके मुताबिक 28 जून से बरसात की संभावना है। साथ ही तापमान में भी गिरावट होगी। ऊधर, मानसून सोनभद्र में ही ठहरा हुआ है।
सुबह से ही बादलों की आवाजाही लगी रही। दिन में एक बार तो लगा कि बौछारें पड़ने लगेंगी। पर बादल ही छाए रहे। इससे गर्मी से मामूली राहत बनी रही। हां उमस रही। मौसम विभाग ने दिन में करीब 54 फीसदी आर्द्रता दर्ज की। वहीं दिन का तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीती गर्म रही। न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि अगले दो-तीन दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा। दिन का तापमान 37-38 डिग्री सेल्सियस रहेगा। बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। इसके बाद 28 जून को मौसम करवट लेगा। बदली के साथ एक-दो चरणों में बरसात या गरज चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। ऐसा मौसम पहली जुलाई तक रहेगा। तापमान में भी गिरावट आएगी। दिन का तापमान 28 जून को 34, 29 जून को 32, 30 जून को 31 और पहली जुलाई को 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।