आजमगढ़ उपचुनाव: चाचा के बतावा हम बकरी चरइले भाई… ओपी राजभर पर निरहुआ का पलटवार

आजमगढ़ उपचुनाव में राजनीतिक बयानबाजी जमकर हो रही है। दोनों पक्षों के नेता एक- दूसरे पर तीखे बयानों के जरिए हमला बोल रहे हैं। ताजा बयान सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता ओपी राजभर ने दिया है। उन्होंने आजमगढ़ से भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाला यादव उर्फ निरहुआ पर हमला बोलते हुए कहा है कि वो भद्दे-भद्दे गाना गाते हैं, समाज में अश्लीलता फैलाते हैं। वो गाना गाते हैं- ‘का हो निरहू बकरी चरावा।’ निरहू को लोग घुरहू बनाकर भेज देंगे। ओपी राजभर ने कहा कि ‘आजमगढ़, चुनाव में याद आ रहा है निरहू को, जाकर फिल्म बनाएं, गाना गाएं। ये आजमगढ़ है, यहां लोग उन्हें गढ़ देंगे।
उनके इस बयान पर भाजपा प्रत्याशी निरहुआ ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ओपी राजभर को जवाब देते हुए उनको चाचा तक बता दिया और कहा कि हां मैंने बकरी चराई है। खेती के भी कई काम किए हैं। उन्हें अपना पता होना चाहिए कि उनकी बकरी किसके खेत में चर रही है। उनका इशारा पार्टी बदलने को लेकर था।
उन्होंने बयान में कहा कि चाचा को बताओ कि हम बकरी चरइले भाई… खेती के सभी काम कर लेते हैं। बोझा भी उठा लेते हैं। हल भी चला लेते हैं। मैं ऐसे ही परिवार से आता हूं। चाचा को जरुरी है कि वे मेरी बकरी की चिंता छोड़कर अपनी बकरी की चिंता करें। उनकी बकरी एक एक जगह टिकती नहीं है कभी इस पार्टी में चले जाते हैं तो फिर कभी उस पार्टी में चले जाते हैं। पहले वह अपनी बकरी की चिंता करें।
उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ लोकसभा सीट पर 23 जून को उपचुनाव होना है। इसके नतीजे 26 जून को जारी किए जाएगे। समाजवादी पार्टी ने धर्मेंद्र यादव को इस सीट से टिकट दिया है जबकि भाजपा ने दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ को टिकट दिया है। वहीं, बसपा ने जिले की मुबरपुर सीट से 2 बार विधायक रह चुके गुड्डू जमाली को उम्मीदवार बनाया है।
यह सीट शुरू से ही समाजवादी पार्टी की मजबूत सीट मानी जाती रही है। 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रिकॉर्ड 2.5 लाख मतों से यहां जीत दर्ज की थी।