युवा व्यसन से बचें, सृजन में लगें- डॉ० सुधाकर सिंह

राम कैलाश पटेल की रिपोर्ट
गौरीगंज अमेठी शान्तिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में गायत्री परिवार अमेठी के संयोजन में युग सृजेता युवा सम्मेलन का आयोजन मनीषी महिला महाविद्यालय गौरीगंज में किया गया, जिसमें गौरीगंज और शाहगढ़ के सैकड़ों युवा सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ० सुधाकर सिंह ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब मनुष्य अच्छे कार्यों को करता है तो वो देवता से भी बड़ा हो जाता है। आज पूरे देश में भगवान राम से ज्यादा हनुमान जी के मंदिर बने हैं। उन्होंने कहा कि भगवान के दिये हुए 24 घंटे में 1 घंटा भगवान के लिए निकाले जरूर निकालें। भगवान के दो ही प्रमुख कार्य हैं, एक स्वयं का निर्माण और दूसरा है प्रकृति का संरक्षण, संवर्द्धन।
पर्यावरण पर 2080 की चिट्ठी पढ़ते हुए आगाह किया कि जो परिस्थितियां चल रही है उसे देखते हुए आने वाले समय में धरती से पानी खत्म हो जाएगा, ऑक्सीजन की कमी हो जायेगी, लोगों की औसत उम्र कम हो जाएगी और तब वो पीढ़ी हमसे सवाल करेगी कि आखिर इन सबका ज़िम्मेदार कौन ? आज भी हमारे पास वक्त है प्रकृति को बचाने का, यदि आज हम नहीं चेते तो इतिहास हमें कभी माफ नहीं करेगा।
उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की लत पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देश में 59 करोड़ लोग तम्बाकू का सेवन कर रहे हैं। आज देश में कैंसर से हो रही मौत की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने आवाह्न किया कि शादी- विवाह में अतिथियों को तम्बाकू और सिगरेट का स्टाल लगाना बन्द कर दे। ईश्वर ने मनुष्य को इस धरती का सर्वश्रेष्ठ कृति बनाकर भेजा और मनुष्य मादक पदार्थों का सेवन कर नाली में पड़ा है। आज समय की मांग है कि युवा अपने को व्यसन से बचायें, सृजन में लगाएं।
डॉ० प्रवीण सिंह दीपक ने युवाओं को खुद को तराशने के लिए प्रेरित करते हुए उन्हें अपने व्यक्तित्व विकास हेतु निरंतर प्रयास करते रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और एक साजिश के तहत हमें अपनी सभ्यता, संस्कृति से दूर कर दिया गया। महर्षि अरविंद ने लिखा है कि यदि किसी राष्ट्र की 3 पीढ़ियों को उसकी जड़ों से दूर कर दिया जाये तो उस राष्ट्र की संस्कृति, सभ्यता नष्ट हो जाती है और आज की युवा पीढ़ी हिंदुस्तान की तीसरी पीढ़ी है ऐसे में युवाओं के सामने देश को बचाने की और आगे बढ़ाने की बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। देश पूरी दुनिया की निगाहें भारत की ओर है।
डॉ० त्रिवेणी सिंह ने संगठन की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि हमें अच्छे और सच्चे लोगों को संगठित कर उच्च आदर्शों, मूल्यों, नैतिकता को स्थापित करना है। हमें हर गांव हर घर तक पहुंचना है जिस हेतु युग सैनिकों की आवश्यकता है। इस अवसर पर युवा मंडल, प्रज्ञा मंडल, महिला मंडल का गठन भी किया गया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को गायत्री मंत्र लेखन हेतु प्रेरित किया।
प्राथमिक शिक्षक संघ अमेठी के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र ने युग निर्माण और युग ऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं उनके द्वारा चलाई गई युग निर्माण योजना की विस्तार से चर्चा करते हुए आज के समय में अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़कर अपने प्राचीन गौरव को पुनर्स्थापित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए युवाओं से गायत्रो परिवार द्वारा चलाये जा रहे अभियान से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आवाह्न किया।
अंत में जगदम्बा प्रसाद मनीषी ने सभी को संबोधित करते हुए कि युवा वही है जिसके अंदर पवित्रता हो। पवित्र मन, पवित्र बुद्धि, पवित्र भोजन से युवा शक्ति का विकास होता है। उन्होंने कहा कि 90 वर्ष की अवस्था मे खुद को युवा समझते हैं, तो आप सभी अभी बच्चे हैं, ईश्वर के कार्य में तन-मन से लग जाएं।
शाहगढ़ ब्लाक समन्वयक अविनाश सिंह ने कहा कि युग निर्माण योजना के माध्यम से पूरे प्रदेश में युग सृजन में अपना योगदान देने के लिए युवाओं की तलाश का अभियान चलाया जा रहा है, जिन्हें प्रशिक्षित कर राष्ट्र के नव निर्माण में लगाया जाएगा ।
अंत में अखिलेश तिवारी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं को आज दी गई सीख को जीवन में उतारने पर बल दिया।
इस अवसर पर आगे बढ़कर ज़िम्मेदारी लेने वाले युवाओं को डॉ० सुधाकर सिंह ने तिलक लगाकर स्वागत किया।
जगन्नाथ यादव ने प्रज्ञागीत युवाओं उठो, वक्त ये कह रहा, खुद को बदलो, समन्वयक शशांक शुक्ला ने किया। उन्होंने गौरीगंज में गायत्री परिवार के रचनात्मक कार्यों को गति देने के लिए युवाओं से समय दान देने का आवाह्न किया।
इस अवसर पर शाहगढ़ के ब्लॉक प्रमुख सदाशिव यादव, अखिलेश तिवारी, रामयश मौर्य, हरिश्चन्द्र मिश्र, कृष्ण कांत त्रिपाठी, नरसिंह बहादुर सिंह, कमलेश पांडेय, गंगाधर शुक्ल, विवेक शुक्ल, देवसरी सिंह, सविता मिश्रा, ज्योति पांडेय सहित सैकड़ों की संख्या में युवा उपस्थित रहे।