Uttarpradesh

फर्रुखाबाद सदर से चौंकाने वाले हो सकते हैं परिणाम, भोजपुर में मुस्लिम व लोधी बूथों पर हुई वोटों की बरसात

अभिषेक गुप्ता की रिपोर्ट 

फर्रूखाबाद उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद की चारों सीटों पर मतदान हो चुका है। 10 मार्च को नतीजे भी सामने आ जाएंगे। वैसे तो जीत के प्रति सभी दल आश्वस्त हैं, लेकिन अन्दर ही अन्दर भाजपा खेमा बेचैन है।
दरअसल, समाजवादी पार्टी ने फर्रुखाबाद सदर सीट पर जो जातीय पाँसा फेंका है, उसने भाजपा को सबसे ज्यादा चोट पहुुंचाई है। समाजवादी पार्टी ने यहाँ महान दल की नेता सुमन मौर्या (शाक्य) को उम्मीदवार बनाया। शाक्य वोट फर्रुखाबाद में निर्णायक माना जाता है। जब नया भारत दर्पण टीम ने शाक्य बिरादरी के मतदाताओं की नब्ज टटोली तो उनका कहना था कि दयाराम शाक्य के बाद पहली बार सदर से किसी शाक्य समाज के व्यक्ति को वोट मिला। उनका कहना था कि ऊपर तो हमारे लिए मोदी ही हैं, लेकिन नीचे हम अपने समाज के व्यक्ति को पहले देखेंगे। एक और बात सुमन शाक्य की प्रभावी रही। उन्होंने एक मार्मिक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा वे घर-मकान बेचकर चुनाव लडऩे आई हैं। इस वीडियो को सपा नेता करन सिंह सहित कई लोगों ने शेयर किया। इस वीडियो ने भी समाजवादी पार्टी की तरफ मतदाताओं को खींचा है। बसपा से विजय कटियार को टिकट मिलना भी भाजपा के लिए शुभ नहीं था। विजय कटियार और महेन्द्र कटियार ने कुर्मि वोटों को अपनी ओर खींचा। यह भी भाजपा का ही नुकसान कहा जाएगा।
मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी साफ-सुथरी छवि के भाजपा प्रत्याशी हैं। उन पर कभी किसी को परेशान करने का आरोप भी नहीं लगा। लेकिन डॉ.अनुपम दुबे की गिरफ्तारी के बाद ब्राह्मणों में दो फाड़ अवश्य हुए। फतेहगढ़ में बहुत से ब्राह्मणों ने नोटा बटन दबाया है। यह भी मेजर का ही नुकसान माना जाएगा। अब रही मुस्लिम वोटों की बात, तो पूरे प्रदेश में मुसलमान वर्ग समाजवादी पार्टी के प्रति लामबन्द है। यहाँ कांग्रेस प्रत्याशी लुईस खुर्शीद चुनाव मैदान में हैं, वह मुसलमानों का कितना वोट ले पाएंगी, यह 10 फरवरी को पता लगेगा। ब्राह्मण भी लुईस खुर्शीद से जुड़े हैं।
कुल मिलाकर फर्रुखाबाद की सीट इस बार भाजपा के लिए रबड़ी नहीं है। समाजवादी पार्टी ने भाजपा की राह में काँटे बिछा दिए हैं। मेजर को उम्मीद है बीजेपी का कोर वोट बैंक उनके पक्ष में है। लेकिन शाक्य समाज का सजातियों के प्रति झुकाव…क्या गुल खिलाएगा, यह तो आने वाली 10 मार्च को ही पता चलेगा।

Related Articles

Back to top button