दुल्हन करती रही इंतजार, बारात लेकर नहीं पहुंचा दूल्हा

अभिषेक गुप्ता की रिपोर्ट
नवाबगंज फिल्म हिना का एक गाना बेहद प्रसिद्ध हुआ था…
देर न हो जाए, कहीं देर न हो जाए। अफसोस यहाँ देर हो गयी। सजी सँवरी दुल्हन, तमाम सपने सजाए बैठी रही, लेकिन दूल्हे राजा बारात लेकर नहीं आए। मामला अब खाकी के दरबार में है। आगे कुछ भी हो, लेकिन उस दुल्हन के दिल पर क्या बीत रही होगी, यह केवल वह ही जानती है।
दुल्हन दुल्हे का इंतजार करती रही, लेकिन दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा। पीडि़त पिता ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम ऊंची गधेड़ी निवासी शैलेंद्र सिंह की पुत्री मीनू की बारात थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव नगला बाग से आनी थी। बारात की सारी तैयारियां पूरी हो गई थीं। शाम के समय बारात की अगवानी के लिए परिजन व रिश्तेदार टकटकी लगाए हुए थे, लेकिन देर रात तक बारात का अता पता नहीं चला, तो टेलीफोन किया गया, लेकिन टेलीफोन नहीं उठा। किसी माध्यम से वार्ता की गई तो पता चला दहेज में जो रकम तय की गयी थी, वह नहीं पहुंची। इसी वजह से बारात दूल्हा पक्ष नहीं लाया। शाम को पंचायत के बाद जब बात नहीं बनी, तो शाम को शैलेंद्र सिंह ने पुलिस को वर पक्ष के खिलाफ तहरीर दी। थाना अध्यक्ष सत्यप्रकाश ने बताया वर पक्ष के खिलाफ कन्या पक्ष ने तहरीर दी है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।