तमाम अटकलों पर विराम, चुनावी समर में नहीं उतरेंगे मनोज अग्रवाल

अभिषेक गुप्ता की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद विधान परिषद के पूर्व सदस्य मनोज अग्रवाल ने विधानसभा 2022 में उतरने से मना कर दिया है। यह फैसला उन्होंने समर्थकों की बैठक में गहन विचार विमर्श के बाद लिया।
आपको बता दें मनोज अग्रवाल बहुजन समाज पार्टी से विधान परिषद सदस्य बने थे। चुनाव से पूर्व उन्हें बसपा से निष्कासित कर दिया था। उसके बाद मनोज अग्रवाल लगातार समाजवादी पार्टी से टिकट पाने के लिए लखनऊ के चक्कर लगा रहे थे। जब उन्हें यह पता लगा कि फर्रुखाबाद की सीट महान दल के खाते में जा रही है, तो उन्होंने महान दल के शीर्ष नेताओं की भी जी-हुजूरी की। लेकिन वहाँ भी बात नहीं बनी और सुमन शाक्य ने अन्तत: सोमवार को नामांकन दाखिल कर दिया। मनोज अग्रवाल के अब निर्दलीय चुनाव उतरने की चर्चाएं जोर पकडऩे लगीं। लेकिन नेता वही होता है जो अपने समर्थकों के अनुसार कार्य करे। मनोज अग्रवाल ने एक कुशल नेता की भाँति समर्थकों की बैठक मंगलवार को अपने आवास पर बुलाई। तमाम बिन्दुओं पर विचार विमर्श हुआ। इसके बाद मनोज अग्रवाल ने फैसला किया वे चुनावी समर में नहीं उतरेंगे। अब फर्रुखाबाद में भाजपा, सपा, कांग्रेस व बसपा के बीच चतुष्कोणीय मुकाबला होगा। हालाँकि सपा गठबंधन तथा भाजपा के बीच सीधे मुकाबले के आसार हैं। दोनों दल जातीय आधार पर अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। अब मनोज अग्रवाल किस भूमिका में रहेंगे और किसको जिताने का प्रयास करेंगे, यह बात आगे आने वाले दिनों में साफ होगी।