हड्डियों को कमजोर बना देती हैं ये चार आदतें

अगर हड्डियां कमजोर होंगी तो जाहिर है उससे कई सारी दिक्कतें पैदा होंगी। उठने-बैठने, खड़े होने और चलने-फिरने में कठिनाई हो सकती है। अगर हड्डियां मजबूत रहेंगी तो इससे जोड़ों में दर्द, पीठ दर्द आदि का खतरा भी कम होता है। हालांकि आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग खुद की सेहत पर ज्यादा ध्यान नहीं दे पाते और बाद में स्वास्थ्य संबंधी कई परेशानियों का सामना करने लगते हैं, जिसमें हड्डियों का कमजोर होना भी शामिल है। ऑस्टियोपोरोसिस हड्डियों से जुड़ी एक गंभीर बीमारी है, जिसमें हड्डियां इतनी कमजोर हो जाती हैं कि उनके अप्रत्याशित फ्रैक्चर का खतरा बढ़ जाता है। दरअसल, इस बीमारी के कारण हड्डी के घनत्व में कमी आ जाती है, जिससे उनके टूटने की संभावना अधिक हो जाती है। लेकिन हड्डियों के कमजोर होने की समस्या को दूर भी किया जा सकता है। इसके लिए कुछ आदतों में बदलाव बहुत जरूरी है।
शरीर को स्वस्थ रखने के लिए नियमित रूप से व्यायाम करना बहुत जरूरी होता है, लेकिन आज के समय में लोग ज्यादातर बैठे ही रहते हैं, चाहे वो दफ्तर हो या घर। इसका असर हड्डियों पर भी पड़ता है। अक्सर बैठे रहने और व्यायाम नहीं करने से हड्डियों का आकार बिगड़ जाता है और वो कमजोर हो जाती हैं। इसलिए जरूरी है कि इस आदत को बदल दें और नियमित रूप से व्यायाम करें।
आज के समय में लोग वजन घटाने पर विशेष रूप से ध्यान दे रहे हैं। ये अच्छा भी होता है, लेकिन वजन का सामान्य होना बहुत जरूरी होता है, क्योंकि अगर आपने बहुत अधिक वजन घटा लिया तो इसका हड्डियों पर बुरा असर पड़ता है। अधिक वजन घट जाने से भी ऑस्टियोपोरोसिस होने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए अगर आपका वजन ज्यादा है तो घटाएं, लेकिन सामान्य से अधिक नहीं। इसके लिए आप डॉक्टर से राय ले सकते हैं।
क्या आप भी हमेशा धूप से बचते हैं और छांव में रहना पसंद करते हैं? तो जान लें कि ये आदत आपकी हड्डियों को कमजोर बना सकती है। दरअसल, विटामिन-डी की कमी से हड्डियां कमजोर होती हैं और ये विटामिन-डी आपको धूप से मिल सकता है। इसलिए अपनी हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए यह जरूरी है कि आप नियमित रूप से 15-20 मिनट सुबह की धूप लें।
कई लोगों की यह आदत होती है कि वो खाने के ऊपर से भी नमक ले लेते हैं, यानी अधिक मात्रा में नमक का सेवन करते हैं। अगर आप भी ऐसा करते हैं तो सतर्क हो जाएं, क्योंकि नमक का अधिक सेवन हड्डियों से कैल्शियम की मात्रा को कम कर देता है, जिससे हड्डियां कमजोर होने लगती हैं और उनके टूटने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए इस आदत को जितनी जल्दी हो बदल दें।