लुधियाना। दिल्ली के युवक के इश्क में अंधी होकर ग्रेटर लुधियाना एरिया डिवलपमेंट अथॉरिटी (ग्लाडा) अफसर की पत्नी ने सभी सामाजिक मर्यादाएं तोड़ डाली हैं। 45 साल की महिला लाखों के गहने और कैश लेकर दिल्ली प्रेमी के पास भाग गई। 28 साल का युवक वहीं रहता है। महिला ने अपने बेटे की शादी के बाद कदम उठाया है। बेटा कनाडा में रहता है जबकि वह यहां भाई हिम्मत सिंह नगर में बेटी और पति के साथ रहती थी। महिला आरोपित सुनील के प्यार में इस कदर डूबी के परिवार छोड़कर घर से भाग निकली। पति की शिकायत पर थाना दुगरी पुलिस ने केस दर्ज करके सुनील को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। महिला भी वहीं से मिली है।
एएसआइ बलबीर सिंह ने बताया कि सुनील दिल्ली के करावल नगर स्थित शिव विहार फेस टू की गली नंबर 4 का रहने वाला है। पुलिस ने महिला के पति की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया था। पति ने बताया था उसकी 45 वर्षीय पत्नी 30 मार्च की दोपहर घर में यह बोल कर गई थी कि वह किसी के घर सुखमणि साहिब के पाठ पर जा रही है। उसके बाद वह लौटकर नहीं आई। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक करने पर पता चला कि वह सफेद रंग की स्विफ्ट में बैठकर गई है। इसमें उसने अपना सामान भी रखा हुआ था।
फेसबुक चैटिंग और कॉल डीटेल ने खोला राज
बलबीर सिंह ने बताया के महिला के फेसबुक अकाउंट पर हुई चैटिंग और उसकी कॉल डिटेल चेक करने पर पता चला कि वह दिल्ली में रहने वाले सुनील कुमार के संपर्क में थी। छानबीन में पता चला कि वह उसी के पास गई है। एएसआइ ने बताया कि इसके आधार पर शनिवार देर रात दिल्ली में दबिश देकर सुनील को गिरफ्तार कर लिया गया। महिला भी उसके कब्जे से मिल गई। पुलिस ने नकदी ओर जेवर भी बरामद कर लिए हैं।
वाट्सएप के जरिये एक-दूसरे के करीब आए
पूछताछ में महिला ने बताया कि उसके पति ग्लाडा में अधिकारी है। उसका शादीशुदा बेटा कनाडा में है जबकि 23 साल की बेटी उनके साथ ही रहती है। लंबे समय से उसकी अपने पति के साथ तकरार चल रही थी। करीब 1 साल पहले वह वाट्सएप ग्रुप के जरिये सुनील से मिली। इसके बाद दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। 30 मार्च को वह अपने घर से 20 तोले सोने के जेवर, ढाई लाख रुपये की नकदी, अपने कपड़े और दो मोबाइल फोन बैग में डाल टैक्सी करके दिल्ली चली गई थी।