जालंधर छावनी में बीजेपी नेताओं को घेरने गए किसानों की पुलिस से झड़प

विशाल भगत की रिपोर्ट
जालंधर, किसान संगठनों द्वारा भाजपा नेताओं के घर का घेराव करने जा रहे किसानों और पुलिस के बीच लगातार धक्का मुक्की की खबरें सामने आ रही हैं। वहीं आज जालंधर छावनी में माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया जब जब किसान समर्थ को और पुलिस के बीच झड़प हो गई।
दरअसल, यहां पर कुछ भाजपा नेता पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती मनाने के लिए एक मैरिज पैलेस में इकट्ठा हुए थे, जहां किसानों का एक समूह पैलेस के बाहर पहुंच गया और प्रदर्शन शुरु कर दिया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता जब भाजपा के समागम को बंद कराने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोका। इसे लेकर किसानों और पुलिस के बीच झड़प हो गई।
हालांकि भारी संख्या में पहुंचे किसानों ने पुलिस के सामने ही पैलेस को ताला लगा बाहर से बंद कर दिया। पैलेस के अंदर फंसे 50 भाजपा कार्यकर्ताओं ने पड़ोसियों की छत पर छलांग कर अपनी जान बचाई।भाजपा कैंट मंडल में एक पैलेस में भाजपा नेता पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई जी की जयंती मनाने जुटे थे।
किसान यूनियन के सदस्यों की इसकी भनक लग गई और वे समागम बंद करवानें पहुंच गए। उधर, पुलिस ने पैलेस के दोनों तरफ से बाजार को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया। जैसे ही किसान प्रदर्शन करते हुए पैलेस की ओर बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोकना चाहा। हालांकि प्रदर्शनकारियों के आगे पुलिस की एक ना चली और उन्होंने बैरिकेड उखाड़ फेंका। पैलेस के बाहर किसानों के एकत्र होने की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने पैलेस को अंदर से बंद कर लिया। प्रदर्शनकारी भाजपा कार्यकर्ताओं से बाहर निकलने की बात कहते रहे। जब वे बाहर नहीं आए तो प्रदर्शनकारियों ने पैलेस को ताला लगा दिया। साथ ही, चेतावनी दी कि अगर शाम तक किसी ने ताला खोला तो परिणाम घातक होंगे। पुलिस के समझाने और आश्वासन देने पर प्रदर्शनकारी वहां से रवाना हो गए।