पिता करवाना चाहता था बेटी से देह-व्यापार तो बेटी ने उठाया ये कदम

सुरिंदर प्रसाद की रिपोर्ट
लुधियाना। लुधियाना के डीसी वरिंदर शर्मा के आफिस के बाहर सोमवार की सुबह उस समय हंगामा हो गया, जब वहां पर इंसाफ की गुहार लगाने आई एक पीड़िता महिला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। महिला के जहरीला पदार्थ निगलने की सूचना मिलते ही डीसी आफिस के कर्मचारियों मे हड़कंप मच गया। जिसके बाद वहां मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने तुरंत महिला को सिविल अस्पताल पुहंचाया। जहां महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
महिला की पहचान हैबोवाल स्थित जसिया रोड के रहने वाली 21 वर्षीय ईशा कुमारी के रूप में हुई है। मामले की सूचना पाकर थाना डिवीजन-5 की पुलिस ने सिविल अस्पताल में पुहंच महिला से पूछताछ की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला को उसके पिता देह व्यापार के धंधे में धकेलना चाहता था। जिसे लेकर महिला ने पुलिस चौकी जगतपुरी, थाना हैबोवाल व पुलिस कमिशनर और डीसी को शिकायत दी हुई थी। इसके बाद भी महिला को इंसाफ नही मिल रहा था। जिसके चलते महिला ने सोमवार की सुबह करीब 12:00 बजे डीसी आफिस के बाहर जहरीला पदार्थ निगल लिया।
महिला की मां फूल कुमारी ने आरोप लगया कि उसकी बेटी ईशा कुमारी का तलाक हो चुका है और वह उनके साथ ही रहती है। उसका पति कई दिनों से बेटी ईशा को देह व्यापार करने के लिए मजबूर कर रहा था। इस बारे में पुलिस के आलाधिकारियों को शिकायत दी गई। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को भी वह डीसी के पास इंसाफ की मांग करने आए थे और इसी दौरान उसकी बेटी ने अचानक जहरीला पदार्थ निगल लिया।
इस संबंध में थाना डिवीजन-5 के प्रभारी कुलदीप सिंह के अनुसार महिला की हालत गंभीर होने के चलते उसके बयान नहीं हो पाए हैं। पुलिस मामले की जांच की जा रही है।