पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप घोटाला : कल पंजाब में कैप्टन सरकार के खिलाफ चक्का जाम

हाथरस कांड को लेकर भी बंद का आह्वान
विशाल भगत की रिपोर्ट
चंडीगढ़। अगर आप कल घर से निकलने का प्लान बना रहे हैं तो आप परेशानी का सामना कर सकते हैं, क्योंकि कल आपको बंद का सामना करना पड़ सकता है। जी हां, पोस्ट मैट्रिक स्कालरशिप घोटाले को लेकर जहां संत समाज ने 10 अक्टूबर को पंजाब बंद का आह्वान किया है। वहीं इस बंद को आम आदमी पार्टी (आप) के अलावा भाजपा समेत कई दलित संगठनों का समर्थन प्राप्त है। ये सभी संगठन और राजनीतिक दल कांग्रेस सरकार पर हमलावर हुए पड़े हैं और इसीलिए इन्होंने कल चक्का जाम की कॉल दी है। चक्का जाम के दौरान प्रदेशभर में विभिन्न संगठनों के सदस्य राजनीतिक दलों के वर्करों के साथ सड़कों पर उतरेंगे। उधर, जालंधर में विभिन्न संगठनों ने हाथरस में हुई घटना के विरोध में कल सुबह 10 बजे से 3 बजे तक बंद का आह्वान किया है। संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि पीडि़त परिवार को इंसाफ मिलना चाहिए। उन्होंने सभी दुकानदारों से आह्वान किया है कि वे कल अपनी दुकानें बंद रखें। उधर, परमजीत सिंह कैंथ ने कांग्रेस सरकार पर अनुसूचित जाति के छात्रों का भविष्य बर्बाद करने का आरोप लगाया है। कैंथ ने कहा कि संत समाज और सभी अनुसूचित जाति संगठन के कार्यकर्ता 10 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक पंजाब भर में चक्का जाम करेंगे।