एक हजार पुलिस मुलाजिमों के कंधे पर होगी शहर की सुरक्षा

विशाल भगत की रिपोर्ट
जालंधर शनिवार को गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर पुलिस पूरी तरह तैयार है। शहर की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। स्वतंत्रता दिवस पर करीब 1000 पुलिस मुलाजिमों के कंधे पर शहर की सुरक्षा का भार होगा। शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करके उन्हें सुरक्षा व्यवस्था यकीनी बनाने का निर्देश दिया।उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने के बाद शहर में फुलप्रूफ सुरक्षा दी जाएगी। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि शहर में सुरक्षा को पहले से ही बढ़ा दिया गया है। मुख्य कार्यक्रम स्थल के आसपास के पूरे इलाके को पुलिस ने बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि शहर में कड़ी निगरानी रखने के लिए 1000 पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों को तैनात किया गया है। गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम के अंदर और उसके आस-पास नियमित जांच के लिए हर तरफ सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि की जांच के लिए शहर में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। सीपी भुल्लर ने कहा कि शहर में चौबीसों घंटे चौकसी बरती जा रही है, जिसके लिए पुलिस अधिकारियों को फील्ड में रहने के लिए कहा गया है।उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों को कानून और व्यवस्था की स्थिति पर सख्त नजर रखने के लिए शहर में नाइट डॉमिनेशन करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा स्थिति की निगरानी करने के लिए स्टेडियम में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। अग्निशमन और चिकित्सा टीमों की तैनाती के अलावा स्टेडियम में और उसके आसपास नियमित रूप से एंटी-सैबोटाज चेकिंग की जा रही है। इस मौके पर संयुक्त कमिश्नर चरणजीत सिंह सोहल, डीसीपी गुरमीत सिंह, अरुण सैनी, नरेश डोगरा, एडीसीपी वत्सला गुप्ता, गगनेश कुमार, जगजीत सिंह सरोया और अन्य मौजूद थे।