फल विक्रेता की किस्तों पर ली रेहड़ी चोरी, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना

विशाल भगत की रिपोर्ट
जालंधर में मंगलवार देर रात एक चोर फल बेचने वाले की रेहड़ी चुरा ले गया। बताया जाता है फल विक्रेता ने अपना काम चलाने के लिए किश्तों पर रेहड़ी ली थी, जो चोरी हो गई। इसका पता बुधवार सुबह चला। घर के बाहर रेहड़ी को नहीं पाकर इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई। जांच में यह सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई मिली है।मामला थाना भार्गव कैंप के अंतर्गत आते न्यू सुराज गंज का है। पुलिस को दी शिकायत में हरदेव सिंह नामक युवक ने बताया कि वह फ्रूट की रेहड़ी लगाता है। काम चलाने के लिए रेहड़ी उसने किश्तों पर ले रखी थी। रात में फेरी से लौटने के बाद वह रेहड़ी को घर के बाहर ही खड़ा करता था।मंगलवार रात को भी उसने अपनी रेहड़ी ताला लगाकर बाहर खड़ी की थी। उसे देर रात किसी ने चुरा लिया। जब सुबह उठा तो देखा कि रेहड़ी गायब थी। इसके बाद थाना भार्गव कैंप पुलिस को सूचना दी गई। दूसरी ओर चोरी की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।