देवेश कटियार की रिपोर्ट
कन्नौज। छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के खोजीपुर गांव में उस समय भगदड़ मच गई, जब हैंडपंप पर नहाने को लेकर दो पक्षो में आपस में विवाद हो गया और भिड़ गए। गाली- गलौज के साथ पथराव और फिर फायरिंग होने लगी। फायरिंग होते ही गांव में भगदड़ मच गई। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। तुरंत ही उसे एम्बुलेंस के द्वारा सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले की जानकारी होते ही सीओ और कोतवाल भारी पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ की जा रही है। घायल युवक के परिजनों का आरोप है कि दूसरे पक्ष से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। नौकरी के नाम पर एक पक्ष ने उनसे डेढ़ लाख रुपया लिया था। पैसे वापस न करने पड़े, इसके लिए वह लोग आए दिन इसी तरह का विवाद कर देते हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।