संवाद सहयोगी
गाजियाबाद। गाजियाबाद में सरकारी सस्ते गल्ले के दुकानदार ने एक महिला से अवैध संबंध बनाने पर अनाज देने को कहा है। दरअसल, दोनों की मोबाइल पर हुई बातचीत वायरल होने के बावजूद अब तक राशन डीलर के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित महिला ने इस संबंध में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी शिकायत दी है। बताया गया कि महिला के पास राशन कार्ड नहीं है। उसे अनाज की जरूरत थी। गांव के प्रधान के पास महिला मदद के लिए पहुंची तो उन्होंने राशन डीलर से बात करने के लिए कहा है। इसके बाद जब रात में महिला ने कॉल किया तो उससे कहा गया कि राशन इतनी आसानी से कहां मिलता है। इसके लिए तो कुर्बानी देनी पड़ती है। इसके बाद महिला से राशन के बदले अवैध संबंध बनाने का दबाव बनाया गया। एसएचओ भोजपुर राजीव कुमार ने कहा कि ऐसी शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई होगी।