सोनम यादव की रिपोर्ट
आगरा। ताजगंज में बसई के एक घर में देह व्यापार चल रहा था। स्थानीय के साथ राजस्थान के कई शहरों की युवतियां इसमें शामिल थीं। रविवार शाम पुलिस और एक एनजीओ ने छापा मारकर एक घर से 13 युवतियां, दो संचालिका और तीन ग्राहकों को गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
फ्रीडम फर्म संस्था ने पुलिस को सूचना दी थी कि बसई के एक घर में युवतियों को बंधक बनाकर जबरन वैश्यावृत्ति कराई जा रही है। सीओ सदर विकास जायसवाल ने पुलिस फोर्स के साथ शाम चार बजे बसई के उस घर में छापा मारा। आठ कमरों के घर में युवतियां और युवक थे। पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। घर में मिली 13 युवतियों में से कुछ राजस्थान के धौलपुर, मनियां और बूंदी की हैं तो कुछ स्थानीय हैं। घर में ग्राहक बनकर पहुंचे तीन युवक भी मिले। सभी को पुलिस ताजगंज थाने ले गई। एक-एक करके सभी से पूछताछ की गई।
युवतियों ने बताया कि वे अपनी मर्जी से यहां रह रही हैं। सभी मजबूरीवश इस गलीच धंधे में फंस गई हैं। संचालिकाओं में से एक मुंबई में रहती है और दूसरी युवतियों के यहां रहने का इंतजाम देखती है। एक माह से इस घर में यह गंदा धंधा चल रहा था। सीओ सदर विकास जायसवाल ने बताया कि देह व्यापार के मामले में दोनों संचालिकाओं और तीन ग्राहकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। इन सभी को जेल भेजा जाएगा। युवतियों को नारी संरक्षण गृह भेजा जाएगा।
संचालिका लेती थी कमीशन
युवतियों ने पूछताछ में बताया कि हर दिन 150 रुपये कमीशन के रूप में संचालिका उनसे लेती थी। शेष रुपये उन्हें मिलते थे। खाने पीने और रहने का इंतजाम संचालिका की ओर से ही है।
कई जगह हो रहा धंधा
पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद संचालिका खुलकर बोलने लगी। उसका कहना था कि देह व्यापार कई अन्य स्थानों पर भी हो रहा है। उसको भी पुलिस बंद कराए। वे काफी समय से देह व्यापार में लिप्त हैं। सभी को इसकी जानकारी थी।