Punjab

घर से आ रही थी बदबू तो कोविड19 टीम बुलाई, फिर पढ़िए क्या हुआ

विकास और अनुभव की रिपोर्ट

मंगलवार की सुबह उसके घर काम करने वाली महिला आई तो अंदर गीता का शव पड़ा हुआ था।

लुधियाना। महानगर के पॉश इलाके भाई रणधीर सिंह नगर के आई-ब्लाक में मंगलवार सुबह तब दहशत का माहौल बन गया। जब एक महिला की किसी अज्ञात व्यक्ति ने संदिग्ध हालातों में निर्मम हत्या कर दी। घटना का पता तब चला, जब वहां काम करने वाली महिला पहुंची। उसी ने महिला का शव देख कर शोर मचाया। इसके बाद मकान मालिकों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। आशंका है कि हत्या दो दिन पहले की गई है, क्योंकि शव से बदबू आने लगी थी।

वारदात की जानकारी मिलते ही एसीपी वेस्ट समीर वर्मा थाना सराभा नगर पुलिस, सीआइए टीम, डॉग स्कवॉयड, फिंगर प्रिंट टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। महिला की मौत कोरोना वायरस से न हुई हो, उसकी पुष्टि के लिए पुलिस प्रशासन ने पहले कोविड-19 टीम को बुला कर जांच करवाई। जब कोविड-19 जैसा कुछ नहीं पाया गया तो पुलिस ने अपनी जांच शुरू की। छानबीन के बाद पुलिस ने बीआरएस नगर निवासी गीता रानी (44) का शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। थाना सराभा नगर पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

समीर वर्मा ने बताया कि अब तक मिली जानकारी के अनुसार महिला बीआरएस नगर इलाके में आयर्वेदिक प्रोडक्ट की दुकान चलाती थी। गीता रानी किराए के मकान में रहती थी। दो दिन पहले मकान मालिकों ने उसे देखा था, लेकिन उसके बाद वह नजर नहीं आई। मकान मालिकों ने सोचा कि कोरोना वायरस को लेकर चल रहे कर्फ्यू के कारण गीता कमरे में ही होगी। मंगलवार की सुबह उसके घर काम करने वाली महिला आई तो अंदर गीता का शव पड़ा हुआ था। उसके मुंह के ऊपर लिफाफा चढ़ा हुआ था। उसका शोर सुन कर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी वहां पहुंच गई।

समीर वर्मा ने बताया कि अब तक की जांच में यह सामने आया है कि हत्या या तो गला दबा कर की गई है या फिर सांस रोक कर। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में स्थिति स्प्ष्ट हो जाएगी। जिसने भी हत्या की है वह गीता देवी का जानकार रहा होगा। क्योंकि घर में ली गई एंट्री फ्रैंडली लगती है। उन्होंने कहा कि आस-पास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे है। अभी तक कुछ मिला नहीं है। गीता का पति रामा कृष्णन हैदराबाद में है। उसे इसकी सूचना दे दी गई है। पुलिस जांच में जुटी है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button