Punjab

हथियारों की नोक पर वाहन लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश; 5 गिरफ्तार 3 फरार

राजेश कुमार की रिपोर्ट 

अमृतसर। हथियारों की नोक पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गाड़ियां व अन्य वाहनों सहित लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर थाना सदर की पुलिस ने सरगना सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इनके 3 साथी अभी पुलिस की पकड़ से दूर चल रहे हैं।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सरगना हरपाल सिंह हीरा उर्फ जालाद निवासी सुल्तानविंड, दिलबाग सिंह बागा, मंगत सिंह गिरधारी, चरणजीत सिंह राजू व शरणजीत सिंह शरण शामिल हैं, जबकि इनके 3 साथी संदीप सिंह उर्फ सन्नी भड़कीला, संदीप सिंह गट्टू व सुनील मसीह उर्फ बिल्ला की धरपकड़ के लिए छापामारी की जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के 2 व 32 बोर का 1 देसी कट्टा, 1 टवेरा गाड़ी व 1 मोटरसाइकिल बरामद किया है। यह खुलासा डी.सी.पी. ला एंड आर्डर जगमोहन सिंह ने पत्रकार सम्मेलन के दौरान किया। उनके साथ ए.डी.सी.पी. संदीप मलिक व ए.सी.पी. सर्बजीत सिंह बाजवा भी शामिल थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस को इनपुट थी कि उक्त गिरोह लोहारका रोड पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। जिस पर छापामारी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि उक्त गिरोह के सदस्यों पर पहले से कई अपराधिक मामले दर्ज हैं। जिनमें 3 जनवरी 2020 को हत्या के प्रयास, 30 जनवरी को लूट का मामला, 31 जनवरी 2020 को लूट का मामला, 5 फरवरी को हथियारों की नोक पर लूट का मामला दर्ज किया गया था। जिनमें उक्त आरोपियों की गिरफ्तारियां डाली गई हैं। उन्होंने बताया कि गिरोह के सदस्य हथियारों की नोक पर हाई-वे पर गाड़ियां छीनते थे और लोगों को लूट कर फरार हो जाते थे। सभी आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर जांच के लिए 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जिनसे गहनता के साथ पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button